Gonda News: गोण्डा में होमगार्ड भर्ती शुरू, एसपी ने किया निरीक्षण, पारदर्शी प्रक्रिया के दिए निर्देश

Newzo

• 04:31 PM • 14 Jul 2026

Gonda Home Guard Recruitment 2025: गोण्डा में होमगार्ड सीधी भर्ती-2025 के तहत डीवी और पीएसटी प्रक्रिया शुरू हो गई है. पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने भर्ती स्थल का निरीक्षण कर निष्पक्ष और पारदर्शी चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. पूरी भर्ती पर सीसीटीवी और विशेष निगरानी टीमों की नजर रहेगी.

गोण्डा में होमगार्ड भर्ती शुरू, एसपी ने किया निरीक्षण,पारदर्शी प्रक्रिया के दिए निर्देश

गोण्डा में होमगार्ड भर्ती शुरू, एसपी ने किया निरीक्षण,पारदर्शी प्रक्रिया के दिए निर्देश

Google CTA

Gonda News: उत्तर प्रदेश होमगार्ड सीधी भर्ती-2025 के तहत जनपद गोण्डा में अभिलेखों की संवीक्षा (डीवी) एवं शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई. भर्ती प्रक्रिया का पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने पुलिस लाइन पहुंचकर निरीक्षण किया और निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से भर्ती संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

यह भी पढ़ें...

निरीक्षण के दौरान एसपी ने अभ्यर्थियों के प्रवेश द्वार, बायोमैट्रिक सत्यापन केंद्र, होल्डिंग एरिया, बैठने की व्यवस्था तथा डीवी/पीएसटी स्थल का जायजा लिया. उन्होंने भर्ती प्रक्रिया की निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली भी जांची और प्रत्येक चरण में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए.

पुलिस अधीक्षक ने भर्ती कार्य में लगी कार्यदायी संस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभिलेखों की संवीक्षा और शारीरिक मानक परीक्षण शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुरूप ही किया जाए. उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें.

जानकारी के अनुसार, लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की डीवी/पीएसटी प्रक्रिया 13 जुलाई से 6 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी. इस दौरान 1,190 अभ्यर्थियों, जिनमें 499 महिला और 691 पुरुष शामिल हैं, का परीक्षण किया जाएगा. भर्ती प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी.

अभ्यर्थियों की शिकायतों और आपत्तियों के त्वरित निस्तारण के लिए नोडल एवं अपीलीय अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं. पूरी भर्ती प्रक्रिया पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी. इसके अलावा भर्ती की शुचिता बनाए रखने के लिए गोपनीय एवं ओपन दोनों प्रकार की निगरानी टीमें भी सक्रिय की गई हैं, ताकि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वासपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.