Gonda News: उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत जनपद गोण्डा ने 42 लाख 54 हजार 100 पौधों के रोपण का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया. जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों और जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्राम पंचायतों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान जिला मुख्यालय से लेकर तहसील, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक रूप से संचालित किया गया.
ADVERTISEMENT
अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ला ने मनकापुर स्थित आईटीआई परिसर के मनोरंजन केंद्र में पौधारोपण किया. इस अवसर पर विधायक रमापति शास्त्री, विधायक प्रभात वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. सभी ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया.
शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी कंचन वर्मा ने मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल के साथ बसेरिया, करनैलगंज में पौधारोपण कर अभियान का निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पौधों की सुरक्षा, नियमित देखभाल और उनकी जीवितता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
वहीं जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने गांधी पार्क में पौधारोपण कर जनपदवासियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी जिम्मेदारी के साथ देखभाल करने की अपील की. उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी माध्यम है.
महाअभियान में वन, राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, शिक्षा, कृषि, उद्यान तथा नगर निकाय सहित सभी विभागों ने सक्रिय भूमिका निभाई. छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों की सहभागिता से यह अभियान जनआंदोलन का रूप लेता नजर आया. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा और जीवितता सुनिश्चित कर जनपद को अधिक हरित और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना है.
ADVERTISEMENT











