Chandauli News: जनपद चंदौली की कोतवाली पुलिस ने रास्ते के विवाद में कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी और एक डंडा भी बरामद किया है.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार, यह घटना ग्राम कटसिला की है. पीड़िता मुन्नी देवी की पुत्री रविवार शाम करीब 6:30 बजे शौच के लिए घर से निकली थी. आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने रास्ते पर बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया और विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू कर दी. जब मुन्नी देवी और उनके पति विरेंद्र ने इसका विरोध किया तो पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. हमले में विरेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि मुन्नी देवी और उनकी पुत्री भी घायल हो गईं.
घटना के संबंध में कोतवाली चंदौली में मुकदमा संख्या 385/2026 के तहत बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(2) और 109 में मामला दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया.
प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने रविवार सुबह ग्राम कटसिला में दबिश देकर तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र, उसके पुत्र नितेश और राकेश, निवासी ग्राम कटसिला, थाना एवं जिला चंदौली के रूप में हुई है.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी और एक डंडा बरामद किया है. तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, उपनिरीक्षक कन्हैया लाल मौर्य, उपनिरीक्षक विजय बहादुर सिंह तथा कांस्टेबल अरविंद कुमार-1 शामिल रहे.
ADVERTISEMENT











