Chandauli News: विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देते हुए मुगलसराय के विधायक रमेश जायसवाल ने शनिवार को विकास खंड नियामताबाद में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा निर्मित कराए जाने वाले अलीनगर तिराहा से पचफेड़वा संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य का भूमि पूजन कराया. लगभग 45 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क का भूमि पूजन विधायक ने स्वयं उपस्थित रहकर स्थानीय लोगों के हाथों संपन्न कराया.
ADVERTISEMENT
भूमि पूजन के दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने जनता के बीच बैठकर उनके हाथों से भूमि पूजन कराया है. उन्होंने इसे क्षेत्र की जनता का सम्मान बताया. इस अवसर पर विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार इस महत्वपूर्ण सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है.
सड़क बनने के बाद क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी तथा यातायात पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित और सुगम होगा. उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास है और विकास कार्यों की गति किसी भी कीमत पर रुकने नहीं दी जाएगी. विधायक ने कहा कि उनके कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र में पहली बार 4 लेन और 6 लेन सड़कों का निर्माण लगभग पूर्ण होने की ओर है.
इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा, बल्कि अन्य जिलों और राज्यों से आने-जाने वाले यात्रियों को भी बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी. भूमि पूजन कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष कुंदन सिंह, नियामताबाद दक्षिणी मंडल अध्यक्ष गंगाराम साहनी, चंदौली पश्चिमी मंडल अध्यक्ष विवेक सिंह, धीरज, अखिलेश तिवारी, शिव प्रकाश मौर्य, जिला पंचायत सदस्य दिलीप सोनकर, विभूति जायसवाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT











