Chandauli News: रविवार को सुबह से धूप निकलते ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया. पिछले दिनों हुई बारिश के बाद तेज धूप और हवा में नमी बढ़ने से पूरे नगर में भीषण उमस का माहौल बन गया। लगभग 33 डिग्री सेल्सियस तापमान के बावजूद अधिक आर्द्रता के कारण लोगों को सामान्य दिनों की तुलना में कहीं अधिक गर्मी महसूस हुई. उमस भरी गर्मी से लोग दिनभर बेचैन नजर आए.
ADVERTISEMENT
दोपहर के समय बाजारों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को पसीने से तरबतर देखा गया। घरों के भीतर भी पंखे और कूलर राहत देने में नाकाम साबित हुए। लोगों का कहना है कि उमस के कारण कुछ देर भी बिना पंखे या कूलर के बैठना मुश्किल हो गया है. बाहर निकलने वाले राहगीर बार-बार पानी पीते और छांव की तलाश करते दिखाई दिए.
नगरवासियों ने बताया कि बारिश के बाद तेज धूप निकलने से उमस और अधिक बढ़ गई है, जिससे दैनिक कार्य करना भी कठिन हो रहा है. कई लोगों ने कहा कि इस मौसम में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है, क्योंकि उमस के कारण थकान और बेचैनी तेजी से बढ़ रही है.
मौसम के इस बदले हुए स्वरूप का असर बाजारों में भी देखने को मिला. दोपहर के समय सड़कों पर अपेक्षाकृत कम आवाजाही रही और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले. चिकित्सकों का भी कहना है कि ऐसे मौसम में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, हल्का भोजन करना तथा तेज धूप में लंबे समय तक रहने से बचना चाहिए.
रविवार को पूरे दिन उमस और गर्मी का असर लोगों के चेहरे पर साफ दिखाई दिया. नगरवासियों को अब मौसम में बदलाव और राहत देने वाली बारिश का इंतजार है.
ADVERTISEMENT











