Chandauli News: जनपद के धानापुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां खड़ान गांव के समीप दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई.
ADVERTISEMENT
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक तेज गति से आ रही थीं. आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत इतनी भीषण थी कि तीनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने बिना देर किए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी तथा राहत कार्य शुरू किया.
सूचना मिलते ही धानापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. उपचार के दौरान मारकंडेय सिंह (26) पुत्र अमित सिंह, निवासी जमुर्खा गांव, ने दम तोड़ दिया. वहीं घायल अरविंद पुत्र छोटू तथा अरविंद पुत्र स्वर्गीय महेंद्र, दोनों निवासी सहेपुर थाना बलुआ, का अस्पताल में इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार लगातार किया जा रहा है.
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
धानापुर थाना प्रभारी सत्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT











