Gonda News: समाधान दिवस में आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल का सख्त संदेश, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्दे

Newzo

• 05:52 PM • 06 Jul 2026

Gonda Samadhan Diwas: तरबगंज तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने 40 से अधिक शिकायतें सुनीं. उन्होंने अधिकारियों को निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए तथा चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक देरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगी.

समाधान दिवस में आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल का सख्त संदेश, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

समाधान दिवस में आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल का सख्त संदेश, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

Google CTA

Gonda News: देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने सोमवार को तहसील तरबगंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पुलिस महानिरीक्षक अशोक कुमार शुक्ला के साथ जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए. 

यह भी पढ़ें...

समाधान दिवस में 40 से अधिक फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं. इनमें राजस्व विवाद, चकमार्ग खुलवाने, आयुष्मान कार्ड बनवाने और अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं प्रमुख रहीं.आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों में तत्काल कार्रवाई कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक शिकायत का स्थलीय सत्यापन कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान करने और शिकायतकर्ता को कार्रवाई से अवगत कराने को कहा.

उन्होंने विशेष रूप से राजस्व विभाग के अधिकारियों को चकमार्गों की पैमाइश और पटाई के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए. उनका कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों और आम लोगों की सुविधा के लिए अतिक्रमण हटाकर चकमार्गों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाए.

आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे. उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.