Amethi News: अमेठी में शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पीड़ितों को परेशान करने वाले लेखपालों पर होगी कार्रवाई- जिलाधिकारी

Newzo

• 05:17 PM • 06 Jul 2026

Amethi DM Lekhpal Action: संपूर्ण समाधान दिवस में चारों तहसीलों से कुल 159 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें नौ का मौके पर निस्तारण किया गया. प्रभारी जिलाधिकारी पूजा साहू ने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए तथा शिकायतों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी.

अमेठी में शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पीड़ितों को परेशान करने वाले लेखपालों पर होगी कार्रवाई- जिलाधिकारी

अमेठी में शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पीड़ितों को परेशान करने वाले लेखपालों पर होगी कार्रवाई- जिलाधिकारी

Google CTA

Amethi News: जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को जनपद की चारों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया. तहसील अमेठी में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने की.

यह भी पढ़ें...

संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए प्रभारी जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए. उन्होंने कहा कि पीड़ितों को अनावश्यक रूप से परेशान करने या शिकायतों के निस्तारण में हीलाहवाली करने वाले लेखपालों एवं संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए. किसी भी शिकायत को लंबित रखने के बजाय उसका निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण किया जाना चाहिए. मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान कराया जाए.

तहसील अमेठी में कुल 38 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें एक का मौके पर निस्तारण किया गया. तहसील मुसाफिरखाना में 23 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें एक शिकायत का निस्तारण हुआ. तहसील गौरीगंज में 70 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें पांच का मौके पर समाधान कराया गया. वहीं तहसील तिलोई में 28 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें दो शिकायतों का निस्तारण किया गया.

जनपद की चारों तहसीलों में कुल 159 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें नौ शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया. शेष मामलों के समाधान के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर भेजा गया है.

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अमेठी पंकज कुमार, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, तहसीलदार अमेठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.