Amethi News: अमेठी में एसपी का अल्टीमेटम, अपराधियों पर सख्ती, थानों में दलाल दिखे तो थाना प्रभारी होंगे जिम्मेदार

Newzo

• 10:58 AM • 05 Jul 2026

Amethi Crime News: अमेठी में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने अपराध समीक्षा बैठक में साफ कर दिया कि अपराधियों और थानों में सक्रिय दलालों के लिए अब कोई राहत नहीं होगी. उन्होंने थाना प्रभारियों को जवाबदेह ठहराते हुए कानून व्यवस्था मजबूत करने, फरियादियों को निष्पक्ष न्याय दिलाने और अपराध नियंत्रण में तेजी लाने के निर्देश दिए.

अमेठी में एसपी का अल्टीमेटम: अपराधियों पर सख्ती, थानों में दलाल दिखे तो थाना प्रभारी होंगे जिम्मेदार

अमेठी में एसपी का अल्टीमेटम: अपराधियों पर सख्ती, थानों में दलाल दिखे तो थाना प्रभारी होंगे जिम्मेदार

Google CTA

Amethi Crime News: जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने शनिवार देर रात आयोजित अपराध गोष्ठी में सख्त तेवर दिखाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हर हाल में सुनिश्चित की जाए.

यह भी पढ़ें...

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न थानों के कार्यों की समीक्षा की और लापरवाही मिलने पर संबंधित थाना प्रभारियों को फटकार लगाई. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि थानों में फरियादियों की समस्याओं का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण किया जाए. किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

एसपी ने विशेष रूप से थानों में सक्रिय दलालों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि किसी थाने के अंदर या परिसर में दलाल सक्रिय पाए गए तो संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी. उन्होंने निर्देश दिया कि थानों को पूरी तरह दलाल-मुक्त बनाया जाए और फरियादियों को बिना किसी बिचौलिये के न्याय मिले.

उन्होंने महिला अपराध, भूमि विवाद, गैंगस्टर, गुंडा एक्ट, हिस्ट्रीशीटरों और वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए. साथ ही रात्रि गश्त, वाहन चेकिंग और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने पर भी जोर दिया.

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है. इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी. बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.