Gonda Tourism News: देवीपाटन मंडल में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने छपिया स्थित स्वामी नारायण मंदिर में लेजर लाइट एंड साउंड शो शुरू कराने के लिए शासन को शीघ्र प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के विकास से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा, साथ ही क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी.
ADVERTISEMENT
शुक्रवार को आयुक्त कार्यालय स्थित महाराजा सुहेलदेव सभागार में आयोजित श्री देवीपाटन धाम तीर्थ विकास परिषद की समीक्षा बैठक में पर्यटन विभाग की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई. आयुक्त ने सभी कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए.
बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, भूमि संबंधी मामलों और लंबित कार्यों की भी समीक्षा की गई. आयुक्त ने कहा कि जिन परियोजनाओं में किसी प्रकार की बाधा आ रही है, उनका संबंधित विभागों के समन्वय से तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके.
दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि पर्यटन स्थलों का विकास केवल धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है.इसलिए सभी पर्यटन परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए.
बैठक में बलरामपुर के जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया. संयुक्त विकास आयुक्त राकेश कुमार पांडेय, पर्यटन विभाग के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT











