Gonda News: छोटी अयोध्या के नाम से प्रसिद्ध करनैलगंज नगर में भगवान जगन्नाथ महाप्रभु की ऐतिहासिक एवं भव्य रथयात्रा की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. गुरुवार 16 जुलाई को सायं 4:30 बजे नगर के विभिन्न प्रमुख मंदिरों से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा सहित अन्य विग्रहों को आकर्षक ढंग से सुसज्जित रथों पर विराजमान कर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी. रथयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर पौराणिक सकरौरा घाट पहुंचेगी, जहां भगवान जगन्नाथ स्वामी की विधि-विधान से महाआरती, पूजन-अर्चन एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे. इसके बाद सभी विग्रह पुनः अपने-अपने मंदिरों में विराजमान किए जाएंगे.
ADVERTISEMENT
रथयात्रा में ढोल-नगाड़ों, शंखनाद, भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. आयोजन समिति की ओर से नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई है. करनैलगंज में सैकड़ों वर्षों से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा स्थानीय नागरिकों के सहयोग से श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निकाली जाती रही है. यह आयोजन नगर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख प्रतीक माना जाता है.
इस वर्ष आदिशक्ति भवानी माता मंदिर (चौक घंटाघर), राम जानकी मंदिर (गाड़ी बाजार), श्रीराम जानकी मंदिर (गुड़ मंडी), राधा-कृष्ण मंदिर (गुडाही बाजार) सहित आधा दर्जन से अधिक प्रमुख मंदिरों से भगवान के विग्रह सुसज्जित रथों पर नगर भ्रमण करेंगे. यात्रा के दौरान विभिन्न मंदिरों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और सामाजिक संगठनों द्वारा रथयात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा.
आयोजन समिति ने नगरवासियों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और मंदिरों पर भगवान की आरती, पूजन-अर्चन एवं पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का स्वागत करने तथा अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है.
ADVERTISEMENT











