करोड़पति पिता की बेटी अदीला ने पति को दी थी थार, उसी कार में गोली मारकर कर दी गई उसकी हत्या

जगत गौतम

• 05:56 PM • 25 Jul 2026

मुरादाबाद की कारोबारी की बेटी अदीला रहमान हत्याकांड में बड़ा खुलासा. पुलिस के मुताबिक आरोपी पति गुलफाम अली हत्या के बाद करीब 5 घंटे तक शव को थार कार में लेकर घूमता रहा. अब पुलिस ने कोर्ट से कस्टडी रिमांड की मांग की है.

UP Crime News

UP Crime News

Google CTA

मुरादाबाद में करोड़पति कारोबारी की बेटी 22 वर्षीय बेटी अदीला रहमान हत्याकांड में जांच के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति गुलफाम अली ने अदीला की गोली मारकर हत्या करने के बाद करीब पांच घंटे तक उसका शव अपनी थार कार की अगली सीट पर रखा और शहर व आसपास के इलाकों में घूमता रहा. चौंकाने वाली बात यह है कि यही थार कार अदीला ने निकाह के बाद अपने पति को उपहार में दी थी. अब मामले की गहन जांच के लिए पुलिस ने आरोपी की कस्टडी रिमांड की मांग करते हुए कोर्ट में अर्जी दाखिल की है.

यह भी पढ़ें...

हत्या के बाद कई घंटे तक कार में रखा शव

पुलिस जांच के अनुसार, 30 जून की रात दिल्ली से मुरादाबाद लौटते समय जोया के पास पुराने टोल प्लाजा के नजदीक कार में पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ. इसी दौरान गुलफाम अली ने अदीला को गोली मार दी. वारदात के बाद उसने शव को कार की अगली सीट पर ही रखा और देर रात तक शहर व आसपास के इलाकों में घूमता रहा.

अगवानपुर से रुड़की पहुंचा, फिर नहर में फेंका शव

जांच में सामने आया है कि शव को कार में रखने के बाद आरोपी पहले अगवानपुर पहुंचा और वहां से रुड़की की ओर चला गया. अगले दिन सुबह करीब पांच बजे उसने अदीला के शव को नहर में फेंक दिया. इसके बाद वह वापस मुरादाबाद लौटा, कार को घर पर खड़ा किया और फिर रामपुर कोर्ट पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया.

अप्रैल में अजमेर शरीफ जाकर किया था गुपचुप निकाह

पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया है कि अदीला और गुलफाम ने अप्रैल महीने में अजमेर शरीफ जाकर गुपचुप निकाह किया था. परिवार को इसकी जानकारी नहीं थी. निकाह के बाद दोनों नोएडा में किराए के फ्लैट में रह रहे थे.

पति का पूरा खर्च उठाती थी अदीला

पुलिस के अनुसार, समय के साथ दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा था. परिवार से दूरी और आपसी विवाद इसकी बड़ी वजह बताए जा रहे हैं. जांच में यह भी सामने आया है कि निकाह के बाद अदीला अपने पति का पूरा खर्च उठाती थी. इतना ही नहीं, उसने गुलफाम को थार कार भी गिफ्ट की थी.

कोर्ट से मांगी कस्टडी रिमांड

कटघर पुलिस ने कोर्ट की अनुमति लेकर जेल में बंद आरोपी से पूछताछ की है. अब पुलिस ने अदालत में कस्टडी रिमांड के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल किया है. पुलिस का मानना है कि रिमांड मिलने के बाद हत्या में इस्तेमाल हथियार, घटनास्थल और पूरे घटनाक्रम से जुड़े अहम सबूत जुटाने में मदद मिलेगी.

आरोपी के भाई की भूमिका भी जांच के दायरे में

अदीला की मां की तहरीर पर गुलफाम अली के भाई और कटघर थाने के हिस्ट्रीशीटर कुरबान अली को भी इस मामले में नामजद किया गया है. हालांकि अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि उसकी भूमिका की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

क्या बोली पुलिस?

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपी की कस्टडी रिमांड के लिए कोर्ट में अर्जी दी गई है. रिमांड मिलने के बाद मामले के कई अहम पहलुओं पर विस्तृत पूछताछ की जाएगी.