Meerut Neews: कभी-कभी मोबाइल फोन की स्क्रीन पर दिखी कुछ सेकंड्स की तस्वीरें हंसते-खेलते परिवार को ऐसे मोड़ पर लाकर खड़ा कर देती हैं जहां से रास्ते केवल अनहोनी की ओर जाते हैं. मेरठ से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक पति ने पत्नी के मोबाइल में एक आपत्तिजनक वीडियो देख लिया. इसके बाद दोनों के बीच ऐसा बवाल हुआ कि पति घर से निकल गया और इंस्टाग्राम पर जहरीला पदार्थ पीने का वीडियो पोस्ट कर लापता हो गया. जाते-जाते उसने वीडियो में रोते हुए कहा 'मेरी लाश को मेरी पत्नी हाथ भी न लगाए...' इस घटना के 11 दिन बाद पत्नी थाने पहुंची और पति की गुमशुदगी दर्ज कराई है.
ADVERTISEMENT
फोन के वीडियो से मचा बवाल
पूरा मामला मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पांडव नगर का है. मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला यह परिवार यहां किराए पर रहता है. पति पेशे से ड्राइवर है. महिला सुनीता देवी के अनुसार, 19 जुलाई को उसके पति ने उसके मोबाइल में किसी लड़के का एक आपत्तिजनक नग्न वीडियो देख लिया था. इसके बाद घर में भयंकर कहासुनी और झगड़ा शुरू हो गया.
काम पर गई पत्नी पीछे से पति ने उठाया खौफनाक कदम
झगड़े के बाद महिला कोठियों में बर्तन-झाड़ू के काम पर चली गई. जब वह वापस लौटी तो पति घर से जा चुका था. कुछ देर बाद पति ने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें वह कोई जहरीला पदार्थ पीता हुआ दिखाई दे रहा है. उसने वीडियो में अपनी इस हालत के लिए पत्नी को जिम्मेदार ठहराया और भावुक होकर कहा कि उसकी मौत के बाद उसकी पत्नी उसकी लाश को हाथ भी न लगाए. इसके बाद से ही उसका फोन बंद आ रहा है.
11 दिन बाद थाने क्यों पहुंची पत्नी?
पति के लापता होने के 11 दिन बाद थाने पहुंचने पर जब सवाल उठे, तो पत्नी ने पुलिस को अपनी सफाई दी. महिला का कहना है कि उसका पति पहले भी चार बार इसी तरह गुस्सा होकर घर छोड़कर भाग चुका है और कुछ दिनों में खुद वापस लौट आता था. उसे लगा कि इस बार भी वह लौट आएगा. लेकिन जब 11 दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला और उसके मालिक ने भी काम पर न आने की बात कही, तब उसने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई.
'पति के कई औरतों से संबंध'
महिला ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि फोन पर वो वीडियो किसने और कब भेजा, इसकी उसे कोई जानकारी नहीं है. महिला ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि उसका पति खुद कई अन्य महिलाओं के चक्कर में पड़ा रहता है और उस पर लगातार डिवोर्स देने का दबाव बना रहा था. इसके लिए उसके ससुराल वाले भी उसके साथ मारपीट कर चुके हैं.
पुलिस जांच में जुटी
मामले में सिविल लाइन पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस की टीमें सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और आखिरी लोकेशन के आधार पर लापता पति की तलाश कर रही हैं. फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल में जुटी है.
ADVERTISEMENT











