Gonda News: जनपद गोण्डा की थाना कौड़िया पुलिस ने फर्जी जीएसटी फर्म बनाकर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराकर लाखों रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत लाभ उठाया.
ADVERTISEMENT
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) राधेश्याम राय और क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज अभिषेक दवाच्यॉ के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई.
मामले की शुरुआत तब हुई जब राज्य कर अधिकारी सुरेन्द्र कुमार ने थाना कौड़िया में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में बताया गया कि “कुमार इंटरप्राइजेज” नामक फर्म ने बिना वास्तविक व्यापार के फर्जी इनवर्ड सप्लाई दिखाकर करीब ₹98.25 लाख की आईटीसी प्राप्त की और उसे अन्य फर्मों को भी पास कर दिया. जांच में फर्म अपने पते पर अस्तित्वहीन पाई गई और उससे जुड़े मोबाइल नंबर भी बंद मिले.
जांच के दौरान पुलिस और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने आरोपी मनोज कुमार (27 वर्ष), निवासी चंदनपुर महमूदपुर बाजार, थाना बिसवां, जनपद सीतापुर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के पास से आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद हुए, जिनका उपयोग जीएसटी रजिस्ट्रेशन में किया गया था.
पूछताछ में मनोज कुमार ने बताया कि प्रमोद नामक व्यक्ति ने उसे लालच देकर उसके दस्तावेज हासिल किए और उन्हीं के आधार पर फर्जी फर्म का रजिस्ट्रेशन कराया गया. इसके बाद कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से टैक्स चोरी की गई.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है. मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अंगद सिंह, उपनिरीक्षक अमरजीत सोनकर, हेड कांस्टेबल नागेन्द्र प्रसाद, कांस्टेबल शाहिद अंसारी और कांस्टेबल सत्येन्द्र यादव शामिल रहे.
ADVERTISEMENT









