Ghazipur News: दिलदारनगर की सरैला रोड स्थित फल एवं सब्जी मंडी के दर्जनों व्यापारियों ने मंगलवार को सेवराई उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर मंडी को कृषि उत्पादन मंडी परिसर में स्थानांतरित किए जाने की मांग की. व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान मंडी घनी आबादी के बीच संचालित हो रही है, जिससे व्यापार करने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
ADVERTISEMENT
फल-सब्जी व्यवसाय समिति के अध्यक्ष नूर मोहम्मद उर्फ मुन्ना भाई के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि बड़े वाहनों से आने वाले माल को दुकानों तक पहुंचाने में काफी दिक्कत होती है. संकरी सड़कों और भीड़भाड़ के कारण ट्रक, डीसीएम तथा पिकअप वाहनों को खड़ा करने में परेशानी होती है. स्थानीय लोगों के साथ आए दिन विवाद, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार का भी सामना करना पड़ता है, जिससे व्यापारी मानसिक रूप से परेशान हैं और उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है.
व्यापारियों की मांग को आदर्श नगर पंचायत दिलदारनगर के अध्यक्ष अविनाश कुमार जायसवाल तथा उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, दिलदारनगर शाखा के अध्यक्ष गोपाल वर्मा ने भी समर्थन दिया है. दोनों संगठनों ने अलग-अलग पत्रों के माध्यम से मंडी प्रशासन से कृषि मंडी परिसर में व्यापारियों को स्थान आवंटित करने की मांग की है.
व्यापारियों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करते हुए उपमंडी स्थल दिलदारनगर में फल एवं सब्जी व्यापार के लिए उचित व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे सुगमता और सुरक्षित वातावरण में अपना व्यवसाय संचालित कर सकें.
ADVERTISEMENT










