Ghazipur News: सेवराई के बारा न्याय पंचायत क्षेत्र में नहर और माइनरों की लंबे समय से सफाई न होने के कारण किसानों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है. किसानों का आरोप है कि मुख्य नहर, बारा माइनर और मिश्रवलिया माइनर की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है, जिससे सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है.
ADVERTISEMENT
पूर्व प्रधान महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि वह कुतुबपुर (वर्तमान रोहिनी) गांव के निवासी हैं. बारा माइनर की सफाई न होने से उनकी लगभग 12 बीघा धान की नर्सरी जलभराव और अव्यवस्था के कारण नष्ट हो गई. उन्होंने आरोप लगाया कि समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने पर जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाली जा रही है. उनका कहना है कि रोहिनी प्रधान और बारा प्रधान के बीच एनओसी को लेकर मामला उलझा हुआ है, जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है.
बारा गांव निवासी किसान अरशद खान ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बावजूद क्षेत्र के किसान सिंचाई सुविधाओं से वंचित हैं. उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर नहरें और माइनर टूटे हुए हैं तथा सफाई के अभाव में पानी का प्रवाह बाधित हो गया है. किसानों शाहनवाज खान समेत अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभाग को तत्काल नहरों की सफाई एवं मरम्मत के निर्देश देने की मांग की है.
ADVERTISEMENT










