Bhadaura Railway Station News: दानापुर मंडल की मंडल संसदीय समिति की बैठक मंगलवार को पटना में संपन्न हुई. बैठक की अध्यक्षता नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने की. इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार सहित मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी समेत बिहार और उत्तर प्रदेश के कई जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया.
ADVERTISEMENT
बैठक के दौरान सांसद अफजाल अंसारी ने दिलदारनगर एवं भदौरा रेलवे स्टेशनों पर विभिन्न महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई. उन्होंने दिलदारनगर स्टेशन पर विक्रमशिला एक्सप्रेस, हिमगिरी एक्सप्रेस, सुपौल एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस तथा पटना सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की.
वहीं भदौरा स्टेशन पर मगध एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस एवं काशी जनशताब्दी एक्सप्रेस के ठहराव को जनहित में आवश्यक बताया.
इसके अलावा सांसद ने दरौली रेलवे स्टेशन के समीप हरबल्लमपुर साईफन तथा गहमर-बारा साईफन में जमी मिट्टी और कचरे के कारण रेल पटरी के दोनों ओर जलभराव की समस्या का मुद्दा भी उठाया तथा इसके शीघ्र समाधान की मांग की.
बैठक में महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए रेलवे की आधारभूत संरचनाओं के विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया.
ADVERTISEMENT










