नोएडा में मजदूरों के प्रदर्शन को लेकर गुस्से में डिंपल यादव ने किसे सुना दिया?

नोएडा में मजदूर अपनी सैलरी बढ़ोतरी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। हिंसा और पत्थरबाजी से हालात तनावपूर्ण हैं. सरकार ने मजदूरों की सैलरी बढ़ाई है लेकिन समस्याएं बनी हुई हैं. पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है. डिंपल यादव ने सरकार को मजदूरों की मांगों का ध्यान देने की अपील की है.

यूपी तक

• 04:41 PM • 14 Apr 2026

follow google news

Noida Protest News: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक केंद्र नोएडा में मजदूरों का आंदोलन अब एक खतरनाक मोड़ ले चुका है. वेतन वृद्धि की मांग को लेकर शुरू हुआ यह प्रदर्शन 13 अप्रैल से हिंसक हो गया है जिसमें आगजनी, तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की खबरें लगातार सामने आ रही हैं. हालांकि प्रशासन ने देर रात वेतन बढ़ाने का फैसला लिया. लेकिन मंगलवार को भी नोएडा के कई सेक्टर्स में तनाव बरकरार रहा. इस पूरे मामले में अब राजनीति भी गर्मा गई है. समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने इस हिंसा के लिए सीधे तौर पर उत्तर प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया है.

यह भी पढ़ें...

डिंपल यादव का तीखा हमला

डॉ. बी.आर. अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मैनपुरी पहुंची सांसद डिंपल यादव ने नोएडा हिंसा पर योगी सरकार को कटघरे में खड़ा किया. उन्होंने कहा कि मजदूर लंबे समय से अपनी मांगें उठा रहे थे. लेकिन सरकार मौन धारण किए बैठी रही. डिंपल यादव ने सवाल उठाया कि 'नोएडा जैसा शहर जो यूपी का मान है, वहां इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई? अगर इंटेलिजेंस और सरकार समय रहते जाग जाते तो यह स्थिति अनियंत्रित नहीं होती. इस दुर्घटना और नुकसान की जिम्मेदार सिर्फ सरकार है.'

वेतन वृद्धि के बावजूद जारी है बवाल

श्रमिकों के उग्र विरोध को देखते हुए प्रशासन ने रातों-रात न्यूनतम मजदूरी की दरों में संशोधन किया है.

अकुशल (Unskilled): ₹11,313 से बढ़ाकर ₹13,690 प्रति माह.

अर्धकुशल और कुशल: इनके वेतन में भी बड़ी बढ़ोतरी की गई है.

लेकिन मजदूरों का आरोप है कि कंपनियों ने उन्हें इस फैसले की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है. कई श्रमिकों ने यह भी दावा किया कि उन्हें बताए बिना फैक्ट्रियां बंद कर दी गईं जिससे भ्रम और आक्रोश और बढ़ गया.

नोएडा के इन इलाकों में भारी तनाव

मंगलवार को नोएडा के अलग-अलग हिस्सों में संघर्ष की स्थिति देखी गई.

फेज-2 और सेक्टर 57: यहां श्रमिकों ने सड़क पर उतरकर नारेबाजी की और पुलिस की गाड़ियों पर पथराव किया। पुलिस को भीड़ खदेड़ने के लिए भारी बल प्रयोग करना पड़ा.

सेक्टर 121 (क्लियो काउंट सोसाइटी): यहां घरेलू कामगारों और सफाई कर्मियों का प्रदर्शन हिंसक हो गया, जहां जमकर पत्थरबाजी हुई.

प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 396 गिरफ्तार

पुलिस ने हिंसा और उपद्रव फैलाने के आरोप में अब तक 396 लोगों को गिरफ्तार या डिटेन किया है. इनमें 392 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस लगातार सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के जरिए उपद्रवियों की पहचान कर रही है.