यूपी पुलिस का नारा है- "सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा", लेकिन गौर सिटी-1 के पास जो मंजर देखा गया, उसने इस संकल्प को खुली चुनौती दे दी. यहां कुछ युवकों ने न केवल वर्दी का खौफ भुला दिया, बल्कि आम जनता के सामने बीच सड़क पर जमकर गुंडागर्दी की. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है.
ADVERTISEMENT
फिल्मी अंदाज में दी गालियां, फिर मारी टक्कर
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक थार गाड़ी में सवार लड़के खुलेआम बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की मौजूदगी में गंदी-गंदी गालियां दे रहे हैं. हद तो तब हो गई जब थार चला रहा एक शर्टलेस युवक टशन में गाड़ी से बाहर निकलता है और उसकी गाड़ी एक बाइक सवार से टकरा जाती है. इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कानून की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं.
पुलिस की कार्रवाई- थार सीज, दो आरोपी हिरासत में
सोशल मीडिया पर वीडियो के जरिए जैसे ही मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया, थाना बिसरख पुलिस एक्टिव हो गई. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों की तस्वीर साझा कर गिरफ्तारी की पुष्टि की है. हुड़दंग में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर सीज कर दिया है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पूरे विवाद की शुरुआत कैसे और क्यों हुई.
सोशल मीडिया पर आक्रोश और प्रशासन पर सवाल
इस घटना ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट जैसे पॉश इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सोशल मीडिया पर लोग लगातार आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. हालांकि, इस घटना से जुड़े कुछ और वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिनकी पुष्टि 'यूपी तक' नहीं करता है. फिलहाल पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है.
ADVERTISEMENT









