मिर्जापुर में वकील राजीव सिंह को दिनदहाड़े सटाकर मारी गई गोली, वारदात का खौफनाक वीडियो आया सामने

मिर्जापुर में दिनदहाड़े वकील राजीव सिंह की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या की गई. आरोपियों की पहचान हो चुकी है और पुलिस जांच कर रही है.

Mirzapur Crime News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बदमाशों के बेखौफ हौसलों की एक दहला देने वाली तस्वीर सामने आई है. कटरा कोतवाली थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले वरिष्ठ अधिवक्ता और तीन बार के पूर्व प्रधान राजीव सिंह उर्फ रिंटू सिंह की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई. बदमाशों ने उन्हें घेरकर बेहद करीब से तमंचा सटाया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. इस पूरी वारदात का लाइव वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

यह भी पढ़ें...

CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे दो हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आते हैं. एक बदमाश बाइक पर इंतजार करता है. जबकि दूसरा तमंचा लोड करते हुए सीधे राजीव सिंह के पास पहुंचता है. बदमाश ने निडर होकर उन्हें सटाकर गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

हत्या के बाद बाइक स्टार्ट न होने पर मचा हड़कंप

वारदात को अंजाम देने के बाद जब हमलावर भागने की कोशिश करने लगे तो उनकी बाइक स्टार्ट नहीं हो पाई. काफी देर तक बदमाश किक मारते रहे.  इस बीच जब कुछ लोगों ने उन्हें पकड़ने की हिम्मत दिखाई तो दूसरे बदमाश ने सरेआम हथियार लहराकर सबको डरा दिया. दहशत फैलाने के बाद आखिरकार बाइक स्टार्ट हुई और दोनों आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे.

कौन थे राजीव सिंह?

मृतक राजीव सिंह न केवल एक वरिष्ठ अधिवक्ता थे, बल्कि राजनीतिक रूप से भी काफी सक्रिय थे. वह खुद तीन बार ग्राम प्रधान रह चुके थे और वर्तमान में उनकी पत्नी ग्राम प्रधान हैं. स्थानीय लोगों के बीच वह अपनी मिलनसार छवि के लिए जाने जाते थे.

पुरानी रंजिश का मामला: पुलिस का बयान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है. हत्या का कारण पुरानी रंजिश और गांव का ही आपसी विवाद बताया जा रहा है. पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है और दावा किया है कि तकनीकी सर्विलांस की मदद से जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.