पश्चिमी यूपी में निषाद पार्टी का बड़ा शंखनाद! PM मोदी और अखिलेश यादव के बाद अब संजय निषाद ने ठोकी ताल

नोएडा स्टेडियम में निषाद पार्टी की भव्य सभा. संजय निषाद ने महर्षि कश्यप जयंती पर पश्चिमी यूपी में अपनी ताकत दिखाई. आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन से सीटों की मांग और 111 विधायकों का लक्ष्य.

यूपी तक

• 03:54 PM • 05 Apr 2026

follow google news

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जेवर रैली और अखिलेश यादव की दादरी जनसभा के बाद अब निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने नोएडा स्टेडियम से हुंकार भरी है. महर्षि कश्यप की जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए पार्टी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपना जनाधार तय करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी ताकत दिखाने का प्रयास किया है.

यह भी पढ़ें...

चुनाव से पहले 'कश्यप-निषाद' कार्ड और चुनावी समीकरण

नोएडा स्टेडियम में आयोजित इस सभा में पश्चिमी यूपी के विभिन्न जिलों से मत्स्य पालक और पार्टी कार्यकर्ता पहुंचे. यूपी Tak से बातचीत में पार्टी नेताओं ने साफ किया कि यह आयोजन केवल एक जयंती कार्यक्रम नहीं है, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में निषाद पार्टी के प्रभाव को रेखांकित करने की एक रणनीति है. कार्यकर्ताओं का दावा है कि कैराना, गंगोह, थाना भवन और मुजफ्फरनगर जैसी सीटों पर निषाद-कश्यप समाज का भारी बाहुल्य है, जो जीत-हार तय करने की क्षमता रखता है.

संजय निषाद के आंसुओं पर बोले कार्यकर्ता- समाज की पीड़ा देख भावुक हुए मसीहा

पिछले महीने गोरखपुर की सभा में संजय निषाद के फूट-फूटकर रोने वाले वीडियो पर भी यहां खूब चर्चा हुई. इस पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब कोई नेता अपने समाज का उत्पीड़न देखता है, तो पीड़ा स्वाभाविक है. मुजफ्फरनगर और मेरठ जैसी जगहों पर समाज के साथ हुई हिंसक घटनाओं को याद कर मंत्री जी भावुक हो गए थे. इसका जनता पर गहरा प्रभाव पड़ा है और समाज अब पहले से कहीं अधिक मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है.

भाजपा गठबंधन और सीटों पर दावेदारी

विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर बोलते हुए उदयवीर कश्यप ने कहा कि इस बार निषाद पार्टी 111 विधायकों का लक्ष्य लेकर चल रही है. उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी भाजपा गठबंधन से सीटें मांगेगी. नेताओं का मानना है कि जिन क्षेत्रों में निषाद-कश्यप समाज का वोट बैंक 40 हजार से 70 हजार के बीच है, वहां गठबंधन के तहत चुनाव लड़कर वे बड़ी जीत दर्ज कर सकते हैं.