नोएडा में रात के अंधेरे में आए 3 बदमाश और नई क्रेटा कार को बुरी तरह कर दिया स्प्रे, गाड़ी की हालत देख हर कोई चौंका

Noida News: नोएडा फिल्म सिटी की अंडरग्राउंड पार्किंग में खड़ी नई क्रेटा कार पर नकाबपोश बदमाशों ने पेंट स्प्रे कर उसे बर्बाद कर दिया. 7 मार्च की रात हुई इस वारदात से नोएडा प्राधिकरण की पार्किंग सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं. सेक्टर-20 पुलिस सीसीटीवी के आधार पर तीन अज्ञात युवकों की तलाश में जुटी है.

car after spray

भूपेंद्र चौधरी

11 Mar 2026 (अपडेटेड: 11 Mar 2026, 11:21 AM)

follow google news

Noida News: नोएडा के सेक्टर-16ए स्थित फिल्म सिटी की पार्किंग अब सुरक्षित नहीं रही. यहां रात के अंधेरे में तीन नकाबपोश युवकों ने एक नई काली हुंडई क्रेटा कार पर पेंट स्प्रे कर बुरी तरह खराब कर दिया है. हैरानी की बात यह है कि यह वारदात नोएडा प्राधिकरण की अधिकृत अंडरग्राउंड पार्किंग के अंदर हुई. आरोपियों ने कार पर इस कदर पेंट स्प्रे किया कि गाड़ी का ओरिजिनल पेंट पूरी तरह बर्बाद हो गया. इस घटना के बाद गाड़ी के मालिक रोहित ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है. फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है.

यह भी पढ़ें...

रात 2 बजे कार पार्किंग में घूसकर गाड़ी पर किया स्प्रे

कार के मालिक रोहित के अनुसार उनकी काली क्रेटा कार फिल्म सिटी की अंडरग्राउंड पार्किंग में खड़ी थी. 7 मार्च की रात करीब 2 बजे एक स्कूटी पर सवार तीन युवक पार्किंग के अंदर दाखिल हुए. खुद को छिपाने के लिए दो युवकों ने हेलमेट पहन रखा था. जबकि तीसरे ने चेहरे पर स्कार्फ बांधा हुआ था. इन युवकों ने सीधे रोहित की कार के पास पहुंचकर उस पर पेंट स्प्रे करना शुरू कर दिया और चंद मिनटों में पूरी गाड़ी का हुलिया बिगाड़ कर फरार हो गए.

गाड़ी चलाने लायक नहीं रही

रोहित ने थाना सेक्टर-20 में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि वह नियमित रूप से अपनी कार इसी पार्किंग में खड़ी करते हैं. पेंट स्प्रे होने की वजह से गाड़ी का रंग पूरी तरह खराब हो गया है और उसे भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है. रोहित का कहना है कि कार अब सड़क पर निकालने लायक भी नहीं बची है. शिकायत मिलते ही सेक्टर-20 पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस पार्किंग के एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि स्कूटी के नंबर और आरोपियों के हुलिए का पता लगाया जा सके. पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या यह किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है या महज शरारत.

पार्किंग व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना ने नोएडा प्राधिकरण की पार्किंग व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है.सोशल मीडिया पर लोग जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं.यूजर्स का कहना है कि जब शुल्क देने के बाद भी प्राधिकरण की पार्किंग में गाड़ियां सुरक्षित नहीं हैं तो शहर में लोग अपनी कार कहां खड़ी करें? लोगों ने पार्किंग में तैनात गार्डों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं.