UP News: गौतम बुद्ध नगर-नोएडा में स्कूलों की फीस का मामला बढ़ गया है. फीस वृद्धि को लेकर जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है. जिला प्रशासन ने स्कूलों को नोटिस जारी किया है. करीब 45 स्कूलों को ये नोटिस जारी किए गए हैं. नोटिस में कहा गया है कि स्कूलों ने जिला फीस रेगुलेटरी कमेटी के आदेशों के उल्लंघन किया है. 7.23% से ज्यादा फीस बढ़ाना नियम के खिलाफ है. बता दें कि जिला फीस रेगुलेटरी कमेटी की अध्यक्ष जिलाधिकारी होती हैं.
ADVERTISEMENT
नोटिस में कहा गया है कि 7 अप्रैल के दिन फीस रेगुलेटरी कमेटी की बैठक हुई थी, जिसमें फीस वृद्धि की सीमा तय की गई थी. ये फैसला जिलाधिकारी की अध्यक्षता में लिया गया था. मगर अब प्रशासन को लगातार अभिभावकों की शिकायतें मिल रही हैं. ये सभी शिकायत फीस में इजाफे को लेकर हैं. इसके बाद प्रशासन ने स्कूलों को नोटिस जारी किया है.
मामले की जांच हुई शुरू
नोटिस में सभी स्कूलों से जवाब मांगा गया है. जिला प्रशासन की तरफ से मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है. जिला प्रशासन ने नियम तोड़ने को लेकर साफ चेतावनी जारी की है. माना जा रहा है कि जो स्कूल नियमों के खिलाफ जाता हुआ पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
मिली जानकारी के मुताबिक, जो स्कूल पहली बार नियम का उल्लंघन करेंगे, उनके खिलाफ 1 लाख तक जुर्माना लगाया जाएगा. दूसरी बार नियमों के खिलाफ जाने पर स्कूल पर 5 लाख तक का जुर्माना लगाया जाएगा. अगर तीसरी बार भी स्कूल नियमों का पालन करते हुए नहीं पाए गए तो जिला प्रशासन सख्त कार्रवाई करते हुए, उन स्कूलों की मान्यता ही रद्द कर सकता है.
जिला विद्यालय निरीक्षक ने ये बताया
इस पूरे मामले को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया, निर्देश जारी होने के बाद भी स्कूलों के खिलाफ शिकायतें मिली हैं. करीब 45 स्कूलों के खिलाफ मामले सामने आए हैं. इन सभी मामलों में समिति के सचिव द्वारा संबंधित स्कूलों को नोटिस जारी किए गए हैं. मामले की जांच की जा रही है. अगली बैठक में इसपर फैसला लिया जाएगा.
जिला विद्यालय निरीक्षक ने साफ कहा है जो भी स्कूल नियम के खिलाफ जाता हुआ दिखाई देगा, उसके खिलाफ तय किए गए नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. पहली बार और दूसरी बार में जुर्माना लगेगा. मगर तीसरी बार में मान्यता रद्द करने जैसे कदम भी उठाए जाएंगे.
ADVERTISEMENT









