UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी, तीखी धूप और उमस से बेहाल लोगों के लिए राहतभरी खबर है. मौसम विभाग ने राज्य में प्री-मानसून और मानसूनी हवाओं के दोबारा सक्रिय होने का नया अपडेट जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आगामी 24 जून से राज्य के मौसम में बड़ा यू-टर्न आने वाला है जिसके तहत विशेषकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं.
ADVERTISEMENT
पूर्वी यूपी के इन जिलों में मॉनसून की दस्तक
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते 24 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश के तराई और सीमावर्ती इलाकों में बारिश की रफ्तार सबसे तेज होगी. IMD के मुताबिक, इन प्रमुख जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
गोरखपुर व बस्ती मंडल: गोरखपुर, महाराजगंज, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर.
वाराणसी व प्रयागराज बेल्ट: वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी और भदोही.
अयोध्या व देवीपाटन मंडल: अयोध्या, सुल्तानपुर, अमेठी, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती.
आजमगढ़ और आसपास के इलाके: आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर और सोनभद्र सहित बिहार की सीमा से सटे इलाके.
40 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी और बिजली का डबल अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 24 जून को केवल बारिश ही नहीं होगी बल्कि 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी और तेज हवाएं भी चलेंगी. इसके साथ ही कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है. मौसम वैज्ञानिकों ने विशेष रूप से किसानों और राहगीरों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम के दौरान ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों या जर्जर इमारतों के नीचे आश्रय लेने से बचें.
पारे में आएगी 5 डिग्री तक की गिरावट
जून के इस महीने में यूपी का अधिकतम तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है जिससे दिनभर भारी उमस परेशान कर रही है. हालांकि राहत की बात यह है कि 24 जून के इस स्पेल के बाद अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आएगी. न्यूनतम तापमान भी लुढ़ककर 30-31 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच जाएगा जिससे रातों की उमस कम होगी. मौसम विभाग का कहना है कि जहां पूर्वी यूपी में झमाझम बारिश होगी. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है.
ADVERTISEMENT










