बुलेट ट्रेन के साथ यूपी को मिलीं ये 2 नई ट्रेनें, अब वाराणसी तक जाएगी दोहरीघाट-औड़िहार मेमू

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, पटना और सिलीगुड़ी को जोड़ने वाली बुलेट ट्रेन परियोजना की जानकारी दी है. इस हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के शुरू होने के बाद दिल्ली से पटना का सफर घटकर 4 घंटे 41 मिनट रह जाएगा.

UP Tak

आयशा शेख़

• 05:28 PM • 19 Jun 2026

follow google news

UP Bullet Train: उत्तर प्रदेश और बिहार के कई बड़े शहर आने वाले सालों में बुलेट ट्रेन नेटवर्क से जुड़ने जा रहे हैं. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ऐलान किया है कि आने वाले समय में दिल्ली से लखनऊ और लखनऊ से वाराणसी के बीच बुलेट ट्रेन चलाई जाएगी.

यह भी पढ़ें...

बुलेट ट्रेन आगे वाराणसी से पटना और पटना से सिलीगुड़ी तक जाएगी. इस हाई-स्पीड ट्रेन के शुरू होने से यूपी के लोगों का दिल्ली और बिहार आना-जाना बेहद आसान और सुपरफास्ट हो जाएगा. दिल्ली से पटना का सफर भी घटकर मात्र 4 घंटे 41 मिनट का रह जाएगा.

यूपी के रेल नेटवर्क को मिली नई ट्रेनें

रेल मंत्री शुक्रवार को बिहार और यूपी से जुड़ी रेल परियोजनाओं के सिलसिले में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों की सहूलियत के लिए नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई, जिसमें यूपी को ये सौगातें मिलीं...

  • मऊ-दिल्ली (आनंद विहार) एक्सप्रेस की शुरुआत की गई.
  • छपरा-दिल्ली (आनंद विहार) एक्सप्रेस को रवाना किया गया.
  • दोहरीघाट-औड़िहार मेमू (MEMU) ट्रेन सेवा का विस्तार अब वाराणसी तक कर दिया गया है, जिससे स्थानीय यात्रियों को काफी फायदा होगा.

इस खास मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मौजूद रहे, जबकि उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस कार्यक्रम में शामिल हुए.

#WATCH पटना: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, "प्रधानमंत्री ने दिल्ली से वाराणसी होते हुए पटना को जोड़ने के लिए बूलेट ट्रेन का भी पिछले बजट में निर्णय लिया है। इससे बिहार को बहुत अच्छी सुविधा मिलेगी। पटना से दिल्ली की यात्रा मात्र 4 घंटे 41 मिनट की रह जाएगी। आगे पटना से… pic.twitter.com/fcw6VIdHja

— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 19, 2026

कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए बड़ा प्लान

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए तेजी से काम कर रही है. उन्होंने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में अकेले बिहार के रेल नेटवर्क के लिए रिकॉर्ड 10,000 करोड़ रुपये का बजट दिया गया है और करीब 1.15 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है.

यूपी और बिहार का रेल नेटवर्क आपस में गहराई से जुड़ा हुआ है, इसलिए इन प्रोजेक्ट्स और अगले 7-8 सालों में आने वाली 200 नई ट्रेनों का सीधा फायदा उत्तर प्रदेश के यात्रियों और व्यापारियों को भी मिलेगा.