उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का एक हैरतअंगेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक तेज रफ्तार डंपर चलते-चलते एक्सप्रेसवे पर लाल बजरी और पत्थर बिखेरता नजर आ रहा है. हाई-स्पीड एक्सप्रेसवे पर अचानक मलबा फैलने से हड़कंप मच गया और कई गाड़ियां हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचीं. सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि आरटीओ की चेकिंग से बचने के लिए ओवरलोडेड डंपर ने जानबूझकर यह सामान गिराया. लेकिन जांच में यह दावा पूरी तरह गलत साबित हुआ है.
ADVERTISEMENT
सुबह की रफ्तार के बीच एक्सप्रेसवे पर कहर
घटना सुबह के समय की है जब ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर गाड़ियां अपनी सामान्य रफ्तार में दौड़ रही थीं. इसी दौरान एक डंपर ने कहर बरपाना शुरू कर दिया. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि डंपर का पिछला हिस्सा खुला हुआ है और उससे भारी मात्रा में पत्थर और बजरी सड़क पर गिरती जा रही है. देखते ही देखते एक्सप्रेसवे की सड़क मलबे के ढेर में तब्दील हो गई.
RTO से बचने का दावा निकला फेक
वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट पर यह अफवाह उड़ गई कि डंपर चालक ने आरटीओ की बड़ी कार्रवाई और भारी जुर्माने से बचने के लिए अपने ओवरलोडेड ट्रक को खाली करना शुरू कर दिया था. हालांकि जब इस दावे की पड़ताल की गई तो यह बात झूठी निकली. आरटीओ के अधिकारियों ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए बताया कि उस समय आरटीओ की टीम दनकौर क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी न कि घटना वाली जगह पर. जब टीम वहां मौजूद ही नहीं थी तो उससे बचने के लिए सामान गिराने का सवाल ही पैदा नहीं होता.
पुलिस ने खुद साफ की सड़क
दादरी थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस को जैसे ही एक्सप्रेसवे पर मलबा फैलने की सूचना मिली वे तुरंत मौके पर पहुंचे. सड़क को खाली कराने के लिए फौरन जेसीबी मशीन बुलाई गई. इस दौरान यूपी पुलिस के जवान खुद अपने हाथों से सड़क से पत्थर हटाते और एक्सप्रेसवे को क्लियर करते नजर आए. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, इस घटना के पीछे तकनीकी खराबी एक बड़ी वजह हो सकती है. आशंका जताई जा रही है कि डंपर का हाइड्रोलिक जैक अचानक खराब होकर ऊपर उठ गया होगा जिससे सारा सामान सड़क पर बिखर गया. हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.
डंपर चालक पर मुकदमा दर्ज
पुलिस ने इस पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए डंपर चालक के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. डंपर की पहचान कर आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है. सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि इतनी हाई-स्पीड रोड पर अचानक पत्थर गिरने के बावजूद कोई भी गाड़ी इसकी चपेट में नहीं आई और एक बड़ा हादसा होने से टल गया. घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है. फिलहाल सच्चाई क्या है यह तो ड्राइवर की गिरफ्तारी या पुलिस की अंतिम जांच रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगा.
ADVERTISEMENT










