चंपत राय का नाम मुख्यमंत्री के कार्यक्रम प्रोटोकॉल से गायब! राम मंदिर कथित चढ़ावा चोरी केस के बीच पहली बार अयोध्या दौरे पर होगें CM योगी

CM Yogi In Ayodhya: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज राम मंदिर के कथित चढ़ावा चोरी मामले के सामने आने के बाद पहली बार अयोध्या दौरे पर हैं.

CM Yogi In Ayodhya

CM Yogi In Ayodhya

कुमार अभिषेक

19 Jun 2026 (अपडेटेड: 19 Jun 2026, 11:51 AM)

follow google news

Champat Rai News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज राम मंदिर के कथित चढ़ावा चोरी मामले के सामने आने के बाद पहली बार अयोध्या दौरे पर हैं. उनके इस दौरे में धार्मिक, सांस्कृतिक और विकास से जुड़े कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं. हालांकि इस बीच सबसे ज्यादा चर्चा राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को लेकर हो रही है. बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रम और प्रोटोकॉल में इस बार चंपत राय का नाम शामिल नहीं है. ऐसे में उनके नाम के प्रोटोकॉल से गायब रहने को लेकर लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं और सवाल उठने लगे हैं.

यह भी पढ़ें...

नाम गायब होने पर उठे सवाल

आमतौर पर जब भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम मंदिर से जुड़े किसी कार्यक्रम में शामिल होते हैं, तब ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद रहते हैं. ऐसे में इस बार आधिकारिक कार्यक्रम में चंपत राय का नाम नहीं होने से लोगों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं. हालांकि अब तक न तो प्रशासन की ओर से और न ही राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की तरफ से इस संबंध में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण दिया गया है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह केवल प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा है या फिर ट्रस्ट की ओर से किसी अन्य प्रतिनिधि को जिम्मेदारी सौंपी गई है.

दान मामले की जांच के बीच बढ़ी चर्चा

चंपत राय का नाम ऐसे समय चर्चा में आया है जब राम मंदिर के दान और उससे जुड़े कुछ मामलों की जांच पहले से चल रही है. जांच के दौरान उनसे कुछ जानकारियां भी ली गई थीं. हालांकि अब तक उनके खिलाफ किसी प्रकार का आरोप साबित नहीं हुआ है. इसके बावजूद आधिकारिक कार्यक्रम में उनका नाम शामिल न होने की खबर के बाद इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं. लोग इस पूरे मामले पर प्रशासन और ट्रस्ट की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं.

विकास योजनाओं पर भी रहेगा फोकस

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्या दौरा केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है. उनके कार्यक्रम में कई सांस्कृतिक आयोजनों में भाग लेने के साथ-साथ विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी शामिल है. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा है कि आज रामनगरी अयोध्या में आस्था, संस्कृति और विकास के कई आयाम एक साथ देखने को मिलेंगे. वह झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे. फिलहाल चंपत राय के नाम को लेकर उठे सवालों का जवाब अभी सामने नहीं आया है और सभी की नजर प्रशासन तथा ट्रस्ट की ओर से आने वाले आधिकारिक बयान पर टिकी हुई है.