Hapur Encounter: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल के घर करोड़ों की डकैती डालने वाले 50 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी श्याम को पुलिस ने एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया है. हापुड़ नगर और देहात पुलिस की संयुक्त टीम के साथ देर रात हुई इस मुठभेड़ में बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में एक हेड कांस्टेबल भी घायल हुआ है. खुद को घिरा देख बदमाश ने ट्यूबवेल की आड़ लेकर पुलिस पर गोलियां बरसाई थीं जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया.
ADVERTISEMENT
चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश
मामला देर रात का है जब हापुड़ नगर पुलिस की टीम बुलंदशहर रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार वहां पहुंचा. सामने पुलिस को देखकर उसने हड़बड़ाहट में बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया. पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए उसका पीछा किया और तुरंत वायरलेस पर मैसेज फ्लैश कर दिया. इस सूचना पर सक्रिय हुई हापुड़ देहात पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी की और बदमाश को ग्राम गोदी के पास पूरी तरह घेर लिया.
ट्यूबवेल की आड़ लेकर फायरिंग
खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाश ने अपनी बाइक रोकी और पास के एक ट्यूबवेल की आड़ ले ली. उसने पुलिस टीम को जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. इस अचानक हुए हमले में पुलिस के हेड कांस्टेबल मनोज कुमार गोली लगने से घायल हो गए.
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
हेड कांस्टेबल के घायल होने के बाद पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की. पुलिस की ओर से चली गोली बदमाश श्याम को जा लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा. पुलिस उसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बता दें कि इस शातिर अपराधी की गिरफ्तारी पर डीआईजी की तरफ से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था.
उद्योगपति के घर डाली थी डकैती
हापुड़ एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह के अनुसार, मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से गहनता से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस को मौके से एक अवैध पिस्टल, जिंदा व खोखा कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है. इस मुठभेड़ के बाद पुलिस आगे की कानूनी और विधिक कार्रवाई में जुट गई है. उद्योगपति के घर करोड़ों की डकैती के बाद से जिले में इस शातिर अपराधी की सरगर्मी से तलाश की जा रही थी.
ADVERTISEMENT










