315 बोर का तमंचा और दो खोखा..., साधु हत्याकांड का मुख्य आरोपी इजराइल पुलिस एनकाउंटर में ढेर, 9 जून को साधु की चाकू से गोदकर की गई थी हत्या

Sadhu Murder Case News: उन्नाव जिले में साधु बाबा मिलनदास की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी इजराइल उर्फ इसराइल रविवार सुबह पुलिस एनकाउंटर में मारा गया.

Unnao Encounter News

Unnao Encounter News

यूपी तक

• 09:15 AM • 15 Jun 2026

follow google news

Unnao Encounter News: उन्नाव जिले में साधु बाबा मिलनदास की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी इजराइल उर्फ इसराइल रविवार सुबह पुलिस एनकाउंटर में मारा गया. बता दें एक लाख रुपये के इनामी बदमाश इजराइल की तलाश में जुटी पुलिस और एसओजी टीम ने बांगरमऊ क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान उसे मार गिराया. इस कार्रवाई में एसओजी का एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस ने आरोपी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें...

साधु की चाकू से गोदकर की गई थी हत्या

पुलिस के अनुसार 9 जून 2026 को बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में बाबा मिलनदास की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी. बताया गया था कि मंदिर में साउंड बजाने को लेकर विवाद के बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया था. हत्या के बाद मुख्य आरोपी इजराइल फरार हो गया था. पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. इस मामले में चार अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश लगातार जारी थी.

मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, 15 जून 2026 को सुबह करीब 3:40 बजे बांगरमऊ थाना पुलिस और उन्नाव एसओजी टीम आगरा एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी सर्विस रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बांगरमऊ थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 168/2026 में वांछित और एक लाख रुपये का इनामी आरोपी इजराइल उर्फ इसराइल ग्राम ताजपुर अंडरपास के पास अपने किसी साथी का इंतजार कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी की घेराबंदी कर उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा.

फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पण करने के बजाय आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान एक गोली उप निरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जबकि एसओजी के आरक्षी विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें इजराइल गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक चाकू, जिसे हत्या में इस्तेमाल किया गया था, एक 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस ने मृतक बदमाश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की जा रही है.