हापुड़ में रात के समय गश्त कर रहे 2 सिपाहियों को अचानक 11 लोगों ने घेरा..., फिर जो हुआ उसने सबको हैरान कर दिया!

देवेंद्र शर्मा

14 Jun 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Hapur Police Night Patrol Incident News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में रात्रि गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों पर हुए हमले की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

Hapur Police Night Patrol Incident News

Hapur Police Night Patrol Incident News

Google CTA

Hapur Police Attack News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में रात्रि गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों पर हुए हमले की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. हापुड़ देहात थाना क्षेत्र में शराब लेकर जा रहे कुछ युवकों को रोककर पूछताछ करना दो सिपाहियों को भारी पड़ गया. आरोप है कि युवकों ने अपने साथियों को बुलाकर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की, जिसमें एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

यह भी पढ़ें...

रात्रि गश्त के दौरान हुआ हमला

घटना हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव रोड स्थित शराब के ठेके के पास की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार 12 और 13 जून की दरम्यानी रात थाना हापुड़ देहात में तैनात सिपाही दौलतराम और अमित सरकारी लेपर्ड बाइक से इलाके में रात्रि गश्त कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें सड़क पर कुछ युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते दिखाई दिए. पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोककर पूछताछ की और घर जाने की सलाह दी.

11 लोगों ने मिलकर की मारपीट

आरोप है कि पूछताछ के दौरान युवकों ने पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया. बताया जा रहा है कि युवकों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया. पुलिस के मुताबिक करीब 11 लोगों ने मिलकर दोनों सिपाहियों पर हमला कर दिया. इस हमले में सिपाही दौलतराम के सिर पर गंभीर चोट लगी और उनका सिर फट गया, जिससे काफी खून बहने लगा. वहीं दूसरे सिपाही अमित को भी चोटें आईं. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही थाना हापुड़ देहात की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया.

शराब की बोतलें मिलने का दावा

हापुड़ के पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान पुलिसकर्मी नियमित चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान एक बाइक पर सवार कुछ युवकों को पूछताछ के लिए रोका गया. तलाशी के दौरान उनके पास से शराब की बोतलें मिलने का दावा किया गया. इसके बाद युवकों ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट की. एसपी ने बताया कि इस मामले में थाना हापुड़ देहात में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने अब तक चिन्हित 11 आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.

तीन गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि सरकारी ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल घायल दोनों सिपाहियों का इलाज चल रहा है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.