10वीं मंजिल से लिफ्ट जोरदार झटके के बाद छठे फ्लोर पर अटक गई, 30 मिनट तक अंदर फंसी महिला का हुआ ये हाल

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हिमालय प्राइड सोसाइटी में लिफ्ट फ्री-फॉल होने से बड़ा हादसा टल गया.10वीं मंजिल से गिरकर 6वीं पर अटकी लिफ्ट में एक महिला 30 मिनट तक जिंदगी और मौत के बीच जूझती रही.

Greater Noida West Lift Accident

भूपेंद्र चौधरी

31 Mar 2026 (अपडेटेड: 31 Mar 2026, 11:30 AM)

follow google news

Lift Free Fall Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हिमालय प्राइड सोसाइटी में एक बार फिर लिफ्ट खराब होने से बड़ा हादसा होते-होते बचा. जानकारी के अनुसार, एक महिला अपने फ्लोर पर जाने के लिए लिफ्ट का इस्तेमाल कर रही थी. जैसे ही लिफ्ट 10वीं मंजिल पर पहुंची अचानक एक जोरदार झटके के साथ नीचे की ओर फ्री-फॉल हुई और 6वीं मंजिल पर आकर अटक गई. अंधेरे और बंद लिफ्ट के भीतर महिला करीब 30 मिनट तक जिंदगी और मौत के बीच जूझती रही.

यह भी पढ़ें...

गर्मी और घुटन से बिगड़ी तबीयत

सोसाइटी की एओए अध्यक्ष सीमा भंडारी ने बताया कि लिफ्ट में फंसी महिला पहले से ही बीपी की मरीज थी. आधे घंटे तक बिना पंखे और वेंटिलेशन के बंद रहने के कारण उन्हें घबराहट और घुटन होने लगी. जब एओए की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला, तो उनकी हालत काफी खराब थी, जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया.

रामनवमी पर भी हुआ था बड़ा हादसा

सोसाइटी के लोगों का आरोप है कि लिफ्ट में खराबी की यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले रामनवमी के दिन भी लिफ्ट खराब होने से 10 बच्चों समेत 12 लोग करीब एक घंटे तक फंसे रहे थे. बार-बार होती इन घटनाओं के बावजूद प्रशासन और बिल्डर चुप्पी साधे बैठे हैं, जिससे निवासियों में भारी आक्रोश है.

मेंटेनेंस के नाम पर सिर्फ वसूली!

लोगों का कहना है कि वे हर महीने मोटा मेंटेनेंस शुल्क देते हैं, लेकिन सुविधाओं के नाम पर उन्हें 'मौत का सफर' मिल रहा है. लिफ्ट की न तो नियमित जांच होती है और न ही इसकी सर्विसिंग पर ध्यान दिया जाता है. बिल्डर और मेंटेनेंस टीम की इस लापरवाही के खिलाफ पुलिस और प्राधिकरण को कई बार शिकायत दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.