सोशल मीडिया की दुनिया में अक्सर ऐसी चीजें सामने आ जाती हैं, जिन्हें देखकर मन खराब हो जाता है. इन दिनों इंटरनेट पर सोया चाप बनाने की एक फैक्ट्री का ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखने के बाद चाप प्रेमियों की भूख गायब हो गई है.
ADVERTISEMENT
वीडियो में देखा जा सकता है कि सोया चाप तैयार करते समय साफ-सफाई और हाइजीन के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं. हद तो तब हो गई जब वीडियो में एक युवक सोया चाप के पूरे ढेर पर लेटकर उसे अपने पैरों और शरीर से गूंधता हुआ दिखाई दिया. वीडियो के सामने आते ही इंटरनेट यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते तेजी से शेयर होने लगा.
दावों में कहा जाने लगा कि यह बेहद घटिया और असुरक्षित तरीके से चाप बनाने वाला कारखाना कहीं और नहीं, बल्कि दिल्ली से सटे नोएडा (गौतम बुद्ध नगर) का है. जैसे ही नोएडा का नाम सामने आया, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड के शौकीनों के रोंगटे खड़े हो गए. हालांकि, सच कुछ और है...
गंदगी देखकर भड़के लोग
जो सोया चाप हम और आप रेस्टोरेंट, ढाबों और चाट के ठेलों पर बड़े चाव से खाते हैं, उसकी ऐसी मैली और घिनौनी तस्वीर देखकर किसी का भी गुस्सा होना लाजमी है. जमीन पर फैली गंदगी, बिना ग्लव्स और सिर ढकने के सामान के बीच इस तरह खाना तैयार होते देख लोग फूड सेफ्टी सिस्टम पर सवाल उठाने लगे. सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को शेयर कर कार्रवाई की मांग करने लगे.
फूड विभाग की त्वरित कार्रवाई
मामले ने जैसे ही तूल पकड़ा और नोएडा का नाम उछला, खाद्य सुरक्षा विभाग तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया. नोएडा में सोया चाप बनाने वाली यूनिट्स और संदिग्ध ठिकानों की पड़ताल के लिए टीमों को दौड़ाया गया. इस पूरे मामले पर जब हमने फूड डिपार्टमेंट के अधिकारी सर्वेश मिश्रा से बात की, तो उन्होंने नोएडा के नाम को साफ तौर पर खारिज कर दिया.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के तुरंत बाद हमने अपनी सभी टीमों को जिले भर में सक्रिय कर दिया था. लेकिन पूरे गौतम बुद्ध नगर जिले में ऐसी कोई फैक्ट्री या सूचना सामने नहीं आई है. यह वीडियो नोएडा का बिल्कुल नहीं है. कुछ महीने पहले इसी वीडियो को अलीगढ़ और आगरा का बताकर भी वायरल किया गया था.
फर्जी दावों से रहें सावधान
अधिकारी के इस बयान से साफ हो गया है कि नोएडा का नाम जोड़कर फैलाई जा रही खबर महज एक अफवाह है. हालांकि, वीडियो कहां का है और किस पुरानी फैक्ट्री का है, यह भले पूरी तरह साफ न हुआ हो, लेकिन नोएडा वासियों और यहां के फूड लवर्स के लिए यह राहत की बात है.
ADVERTISEMENT











