Mathura News: यमुनापार क्षेत्र में प्रस्तावित ग्रीन लेन परियोजना को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने सोमवार को मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) कार्यालय पहुंचकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं. व्यापारियों ने एमवीडीए सचिव आशीष कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए निर्माण कार्य के मौजूदा डिजाइन में संशोधन कर व्यापारियों और आम लोगों की सुविधाओं का ध्यान रखने की मांग की.
ADVERTISEMENT
व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान प्रस्तावित डिजाइन के अनुसार निर्माण होने से सड़क की चौड़ाई प्रभावित होगी, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित होने के साथ दुकानों तक ग्राहकों की पहुंच भी मुश्किल हो जाएगी. उन्होंने मांग की कि ग्रीन लेन में पर्याप्त स्थान पर प्रवेश और निकास के लिए ओपनिंग दी जाए, ताकि व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित न हों.
एमवीडीए सचिव आशीष कुमार ने व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि सभी बिंदुओं पर विचार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि विकास कार्य के साथ व्यापारियों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा और किसी को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी.
उन्होंने बताया कि फिलहाल ग्रीन लेन का निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोका गया है. गोवर्धन मुड़िया पूर्णिमा मेला संपन्न होने के बाद निर्माण दोबारा शुरू किया जाएगा. इससे पहले व्यापारियों के सुझावों और जनहित से जुड़े पहलुओं की समीक्षा कर आवश्यक संशोधन किए जाएंगे, ताकि परियोजना का लाभ भी मिले और स्थानीय लोगों को असुविधा भी न हो.
एमवीडीए सचिव के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि ग्रीन लेन परियोजना में उनकी मांगों को शामिल किया जाएगा और निर्माण कार्य सभी हितधारकों की सहमति व सुविधा को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाया जाएगा.
ADVERTISEMENT











