Kaladham Society Accident News: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित कलाधाम सोसायटी के पास शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से बोरिंग के लिए खोदे गए करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में भरे पानी में डूबने से केंद्रीय विद्यालय के उप प्रधानाचार्य सीवान यादव के 6 साल के बेटे अव्यान सूर्या की मौत हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. आरोप है कि गड्ढे के आसपास न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही किसी तरह का चेतावनी बोर्ड लगाया गया था.
ADVERTISEMENT
खेलते-खेलते गहरे गड्ढे में गिरा मासूम
जानकारी के अनुसार शनिवार को अव्यान सूर्या अन्य बच्चों के साथ कलाधाम सोसायटी के पास खेल रहा था. इसी दौरान वह पानी से भरे गहरे गड्ढे के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया. बच्चों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला. इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्राधिकरण पर लगे लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गड्ढा कई दिन पहले बोरिंग के काम के लिए खोदा गया था. बारिश के कारण उसमें पानी भर गया, लेकिन लोगों की सुरक्षा के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई. उनका आरोप है कि गड्ढे के आसपास न बैरिकेड लगाए गए और न ही लोगों को सतर्क करने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया. लोगों का कहना है कि यदि पहले हुई घटनाओं के बाद सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता, तो इस हादसे को टाला जा सकता था.
युवराज मेहता हादसे का भी किया जिक्र
स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले भी युवराज मेहता की खुले गड्ढे में गिरने से मौत हो चुकी है. उस घटना के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहरभर में खुले गड्ढों की बैरिकेडिंग कराने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का दावा किया था. हालांकि कलाधाम सोसायटी के पास हुए इस हादसे के बाद एक बार फिर उन दावों पर सवाल उठ रहे हैं. घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है और उन्होंने निर्माण कार्यों के दौरान खोदे गए सभी खुले गड्ढों को सुरक्षित करने की मांग की है.
एसडीएम आशुतोष गुप्ता ने क्या कहा?
घटना के बाद एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा 'इसकी जानकारी हमें सोशल मीडिया के द्वारा प्राप्त हुई थी, जिस पर जिला प्रशासन की टीम और मैं खुद मौके पर पहुंचे हैं. सोसायटी के लोगों ने बताया कि बच्चे यहां खेल रहे थे. इस गड्ढे के आसपास कोई बैरिकेडिंग नहीं थी, जिससे खुले गड्ढे में गिरकर बच्चे की मौत हुई है. इसकी जिम्मेदारी के लिए ठेकेदार दोषी है और उसके ऊपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.'
हादसे के बाद उठी सख्त कार्रवाई की मांग
इस दर्दनाक घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले गड्ढों की वजह से पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया. अब लोग मांग कर रहे हैं कि निर्माण कार्यों के दौरान खोदे गए सभी गड्ढों की तत्काल बैरिकेडिंग कराई जाए.
ADVERTISEMENT











