ग्रेटर नोएडा में एल्डिको सोसाइटी के STP टैंक में बेहोश हुआ सफाईकर्मी तो उसे बचाने गया सिक्योरिटी गार्ड, दोनों की चली गई जान

अरुण त्यागी

• 09:51 AM • 27 Jul 2026

ग्रेटर नोएडा की एल्डिको सोसाइटी में एसटीपी टैंक की सफाई के दौरान एक कर्मचारी और उसे बचाने उतरे सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई. पुलिस और फायर टीम ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

Greater Noida STP Tank Death News

Greater Noida STP Tank Death News (Photo:AI)

Google CTA

Eldeco Society Accident News: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-150 की एल्डिको सोसाइटी में शनिवार देर रात बड़ा हादसा हो गया. एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) टैंक की सफाई के दौरान एक कर्मचारी टैंक के अंदर बेहोश हो गया. उसे बचाने के लिए एक सिक्योरिटी गार्ड भी टैंक में उतरा, लेकिन वह भी बेहोश हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

टैंक की सफाई के दौरान हुआ हादसा

नॉलेज पार्क थाना प्रभारी के अनुसार 25/26 जुलाई 2026 की रात एल्डिको सोसाइटी के एसटीपी टैंक की सफाई का काम चल रहा था. इसी दौरान 40 साल के शशिकांत शर्मा टैंक के अंदर बेहोश हो गए. उन्हें बचाने के लिए 22 साल के सिक्योरिटी गार्ड आकाश टैंक में उतरे लेकिन वह भी अंदर बेहोश हो गए. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस और फायर सर्विस को दी गई.

फायर टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क थाना पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची. रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों को टैंक से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया. हालांकि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस का कहना है कि घटना स्थल पर शांति व्यवस्था कायम है. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में कार्रवाई की जा रही है.

सोसाइटी निवासी ने लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद सोसाइटी के एक निवासी ने हमसे बातचीत में दावा किया कि इस सेप्टिक टैंक को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी थी लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. उन्होंने कहा, 'हमें पता चला कि रात करीब 2 बजे सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से दो लोगों की मौत हो गई. इस सेप्टिक टैंक से काफी समय से घातक केमिकल्स और जहरीली गैस का रिसाव हो रहा था, लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की. इसी वजह से दो लोगों की दुखद मौत हो गई.'

मौत की वजह की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जानकारी के अनुसार दोनों लोग टैंक के अंदर बेहोश हो गए थे. घटना के के बाद अब इसकी जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है.