नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मिला एयरोड्रम लाइसेंस, अब यहां से फ्लाइट उड़ने में कितनी देर?

Noida International Airport Aerodrome License: जेवर एयरपोर्ट के लिए ऐतिहासिक दिन! DGCA ने जारी किया एयरोड्रम लाइसेंस. इंडिगो और अकासा एयर के साथ करार, जानें पीएम मोदी कब करेंगे उद्घाटन और कब से शुरू होंगी उड़ानें.

Noida International Airport Aerodrome License

अरुण त्यागी

• 11:09 AM • 07 Mar 2026

follow google news

गौतमबुद्ध नगर के जेवर के रास्ते अब पूरी दुनिया नोएडा के करीब आने वाली है. उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Jewar Airport) ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने शुक्रवार को एयरपोर्ट को एयरोड्रम लाइसेंस जारी कर दिया है, जिससे अब यहां से कमर्शियल उड़ानें शुरू होने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है. आपको बता दें कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण और संचालन की प्रतीक्षा कर रहे लोगों के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक रहा. इस एयरपोर्ट को एयरोड्रम लाइसेंस मिलना इस बात का प्रमाण है कि एयरपोर्ट का बुनियादी ढांचा, सुरक्षा मानक और परिचालन प्रक्रियाएं पूरी तरह से अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हैं.

यह भी पढ़ें...

सुरक्षा व्यवस्था को पहले ही मिली थी हरी झंडी

एयरोड्रम लाइसेंस मिलने से ठीक पहले, नागरिक विमान सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को अपनी मंजूरी दे दी थी. यूपी Tak की ग्राउंड रिपोर्ट के अनुसार, 'बकास' ने एयरपोर्ट के एंटी-हाइजैक कंटीजेंसी प्लान और समग्र सुरक्षा ढांचे को सशर्त एनओसी जारी की थी. किसी भी विमान के अपहरण या बम की सूचना जैसी आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए यह प्लान अनिवार्य होता है. यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश सिंह ने बताया कि बकास द्वारा किए गए सुरक्षा मूल्यांकन के बाद मिली क्लीयरेंस ने एयरोड्रम लाइसेंस का रास्ता साफ किया. अब आगे की औपचारिकताएं पूरी होते ही उद्घाटन की तारीख तय की जाएगी. 

अब उड़ान भरने में कितनी देर?

न्यूज एजेंसी पीटीआई (PTI) की रिपोर्ट के मुताबिक, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NIAL) के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने कहा कि एयरपोर्ट का इंफ्रास्ट्रक्चर अब पूरी तरह तैयार है. अगले 45 दिनों के भीतर शेष तैनाती और परिचालन व्यवस्थाएं पूरी होने की उम्मीद है. यानी अगले डेढ़ से दो महीने के भीतर जेवर के आसमान में कमर्शियल विमानों की गूंज सुनाई दे सकती है. एयरपोर्ट के सीईओ क्रिस्टोफ़ श्नेलमैन ने एक बयान में कहा कि यह लाइसेंस मिलना हमारी यात्रा का एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है. हम एक आधुनिक और यात्री-केंद्रित हवाई अड्डा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे उद्घाटन

जेवर से बीजेपी के विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि साल 2017 से शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट अब अपने अंतिम चरण में है. एयरोड्रम लाइसेंस मिलने के बाद अब एयरपोर्ट की औपचारिक शुरुआत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का इंतजार किया जा रहा है. पीटीआई के अनुसार, दिसंबर 2024 में इंडिगो के एयरबस A320 विमान द्वारा यहां सफल परीक्षण उड़ान पहले ही पूरी की जा चुकी है. 

इन एयरलाइंस के साथ हुआ करार

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, इंडिगो (IndiGo), अकासा एयर (Akasa Air) और एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) ने यहां से अपना परिचालन शुरू करने की पुष्टि कर दी है. इसके अलावा कई अन्य घरेलू और अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस के साथ बातचीत अंतिम दौर में है.

(पीटीआई के इनपुट्स के साथ).