क्या पुरुष क्या महिलाएं... जैसे ही पता चला खत्म हो गया नोएडा का फ्लॉवर शो सभी लूटने लगे बेशकीमती गमले, देखें वीडियो

Noida Viral Video: नोएडा के शिवालिक पार्क में आयोजित चार दिवसीय फ्लावर शो के समापन पर अजीबो-गरीब स्थिति देखने को मिली. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भीड़ बेशकीमती फूल और गमले लूटती नजर आ रही है.

screengrab from viral video

भूपेंद्र चौधरी

24 Feb 2026 (अपडेटेड: 24 Feb 2026, 01:39 PM)

follow google news

Noida Viral Video: नोएडा के सेक्टर 33 में स्थित शिवालिक पार्क में पिछले चार दिनों से चल रहे फ्लावर शो के दौरान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में भीड़ फ्लावर शो में लगे फूल और गमले लूटते हुए नजर आ रही है.  रविवार को जैसे ही फ्लावर शो के समापन की घोषणा हुई वैसे ही वहां मौजूद भीड़ के बीच फूल और गमले अपने घर ले जाने की होड़ मच गई.  देखते ही देखते सोशल मीडिया पर इसके वीडियो वायरल हो गए जिसके बाद नोएडा अथॉरिटी को व्यवस्था संभालने के लिए मशक्कत करनी पड़ी. 

यह भी पढ़ें...

चार दिने के उत्सव में पहुंची थी लाखों की भीड़

नोएडा वसंत उत्सव में फ्लावर शो का आयोजन 19 फरवरी से 22 फरवरी तक किया गया था.  चार दिनों के इस उत्सव में लगभग 5 लाख से अधिक लोग यहां पहुंचे थे. रविवार शाम को कार्यक्रम आधिकारिक तौर पर खत्म हुआ. समापन के तुरंत बाद पार्क में सजे बेशकीमती गमले और फूलों को लोगों ने लूटना शुरू कर दिया. इस दौरान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग अधिक से अधिक गमले और फूल हाथों में दबाए पार्क से बाहर भाग रहे हैं. पुरुषों से लेकर महिलाएं तक इस लूट में शामिल नजर आईं.

वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नोएडा अथॉरिटी हरकत में आई. तुरंत शिवालिक पार्क के सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी व्यक्ति को पार्क से गमला या फूल बाहर न ले जाने दिया जाए. फिलहाल अथॉरिटी के कर्मचारी शो के बचे हुए सामान और पौधों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर रहे हैं. वहीं सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स लोगों की इन हरकतों को देखकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि ऐसी गतिविधियों की वजह से ये लोग ट्रोल होते हैं और अच्छे से अच्छे कार्यक्रम की भी किरकिरी होती है. लोगों का कहना है कि अगर अथॉरिटी ने पहले ही घेराबंदी की होती तो ऐसी घटनाएं नहीं होती.