ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 28 में आज यानी शनिवार को इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड के सेमीकंडक्टर पार्क का शिलान्यास समारोह होने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम में वर्चुअली (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए) जुड़ेंगे जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य रूप से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहेंगे. जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत अन्य लोग भी आयोजन स्थल पर उपस्थित रहेंगे. मुख्यमंत्री के शाम करीब 4 बजे कार्यक्रम में पहुंचने की उम्मीद है. यह प्रोजेक्ट HCL ग्रुप और फॉक्सकॉन के जॉइंट वेंचर इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित किया जा रहा है. ऐसा कहा जा रहा है कि 48 एकड़ में फैले 3706 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट से उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की शुरुआत होगी.
ADVERTISEMENT
ट्रैफिक एडवाइजरी और डायवर्जन
जिले में वीवीआईपी (VVIP) मूवमेंट को देखते हुए गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने शनिवार सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक के लिए विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और दिल्ली बॉर्डर को जोड़ने वाले मुख्य रास्तों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा.
VVIP रूट: दिल्ली के डीएनडी/चिल्ला बॉर्डर से आने वाले वीआईपी वाहन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से होकर जीरो पॉइंट जाएंगे. वहां से यमुना एक्सप्रेसवे पर फलैदा कट (26 किमी) से बाहर निकलकर सेक्टर 28 स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे. मंच के पास विशेष वीआईपी पार्किंग की व्यवस्था की गई है.
HCL और स्कूल बसें: दिल्ली और नोएडा से आने वाली एचसीएल ग्रुप और शिव नादर स्कूल की बसें भी इसी रास्ते का पालन करेंगी, लेकिन वे फलैदा कट से बाएं मुड़कर पुराने रबुपुरा रोड के रास्ते पानी की टंकी के पास पार्क होंगी. कार्यक्रम के बाद ये बसें गलगोटिया यूनिवर्सिटी और गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी होते हुए रबुपुरा/दनौर सर्विस रोड से वापस लौटेंगी.
मीडिया और स्टाफ: एचसीएल स्टाफ और मीडिया के वाहन यमुना एक्सप्रेसवे के फलैदा कट से बाएं मुड़ेंगे और सेंट्रल वेयरहाउस बिल्डिंग के समानांतर तीर्थली डबल सर्विस रोड से होते हुए निर्धारित पार्किंग तक पहुंचेंगे. वापसी का रास्ता भी यही रहेगा.
आम जनता: ककोड, झाझर और जहांगीरपुर से आने वाले वाहनों को कैंची तिराहा और रबुपुरा बाईपास से YEIDA ग्रीन पार्क के पास सामान्य पार्किंग की ओर भेजा जाएगा. जेवर के वाहनों को तीर्थली चौक से और दनकौर के वाहनों को डबल सर्विस रोड और पुराने रबुपुरा रोड से निकाला जाएगा.
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन के दौरान एम्बुलेंस, फायर सर्विस और अन्य आपातकालीन वाहनों को बिना किसी रोक-टोक के जाने दिया जाएगा. परेशानी होने पर वाहन चालक ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं.
ADVERTISEMENT









