Greater Noida Crime News: ग्रेटर नोएडा में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं. इसी कड़ी में ताजा मामला थाना इकोटेक-3 इलाके से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान 29 वर्षीय मनजीत मिश्रा के रूप में हुई है, जो एक बैंक में कार्यरत थे और गाजियाबाद के इंदिरापुरम में अपने परिवार के साथ रहते थे.
ADVERTISEMENT
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है. परिजनों ने आरोप लगाया है कि मनजीत की हत्या उसके ससुराल पक्ष ने करवाई है. बताया जा रहा है कि मनजीत की शादी को करीब एक साल ही हुआ था और उनका अपनी पत्नी के परिवार से विवाद चल रहा था. परिवार ने इस संबंध में ससुराल पक्ष के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है.
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने कहा कि हत्या के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.
ग्रेटर नोएडा में बढ़ते अपराध को लेकर अब लोगों में डर का माहौल बनता जा रहा है. पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठने लगे हैं कि आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं?
ADVERTISEMENT









