नोएडा के प्राइवेट स्कूल की बस में 7 घंटे बंद रहा KG में पढ़ने वाला मासूम, कैसे हुआ ये सब एक एक बात जानिए

UKG Student Locked in Bus:नोएडा के एक प्राइवेट स्कूल की बड़ी लापरवाही सामने आई है जहां UKG का मासूम छात्र 7 घंटे तक स्कूल बस में बंद रहा. बस में सो जाने के कारण ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे बिना देखे बस को 25 किमी दूर यार्ड में खड़ा कर दिया जिसके बाद बच्चा अकेले पड़ा रोता रहा. लेकिन उसके आसपास वहां कोई मौजूद नहीं था.

A child sleeping in school bus:सांकेतिक तस्वीर

भूपेंद्र चौधरी

27 Feb 2026 (अपडेटेड: 27 Feb 2026, 10:21 AM)

follow google news

UKG Student Locked in Bus: नोएडा के एक प्राइवेट स्कूल में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. जहां UKG में पढ़ने वाला एक मासूम बच्चा करीब 7 घंटे तक स्कूल बस में ही बंद रह गया.  इस दौरान बस में बच्चा अकेले रोता रहा, चिल्लाता रहा और खिड़कियां पीटता रहा. लेकिन उसकी आवाज सुनने वाला कोई नहीं था. लेकिन जब बच्चे की मां उसे रिसीव करने स्कूल पहुंची तो उन्हें बताया गया कि वह आज पूरे दिन क्लास में एब्सेंट था. यह सुनते ही बच्चे की मां चौंक गई. क्योंकि उन्होंने खुद अपने बच्चे को तैयार करके स्कूल के लिए बस में बैठाया था. यह खबर सामने आते ही स्कूल में हड़कंप मच गया. इसके बाद सबने मिलकर बच्चे को खोजना शुरू किया और तब पता चला कि बच्चा बस में सो गया था. लेकिन बस में मौजूद ड्राइवर और कंडक्टर ने चेक तक नहीं किया.

यह भी पढ़ें...

स्कूल की बस में बैठा बच्चा लेकिन क्लास में रहा  

गुरुवार की सुबह महागुण मजेरिया सोसाइटी में रहने वाला मासूम बच्चा अपनी मां को बाय बोलकर खुशी-खुशी स्कूल बस में चढ़ा था. लेकिन स्कूल जाते-जाते ही उसे नींद आ गई और वह पीछे की सीट पर ही सो गया. स्कूल पहुंचने पर बस चालक और कंडक्टर की लापरवाही ऐसी रही कि उन्होंने पूरी बस चेक करना भी जरूरी नहीं समझा. वे बस को स्कूल से 25 किलोमीटर दूर एक सुनसान यार्ड में ले जाकर खड़ा कर आए. जब स्कूल की छुट्टी हुई तो बच्चे की मां रोज की तरह उसे लेने बस स्टॉप पहुंची. लेकिन जब बस का दरवाजा खुला और उसका बच्चा बाहर नहीं आया तो मां के पैरों तले जमीन खिसक गई.  स्कूल प्रशासन ने कह दिया कि बच्चा एब्सेंट था. जबकि बस के अटेंडेंस रजिस्टर में उसे प्रेजेंट दिखाया गया था. इसके बाद परिवार के लोगों ने तुरंत बच्चे की तलाश शुरू की और आखिरकार 25 किमी दूर बस यार्ड में बस के बच्चा मिला.

अभिभावकों का गुस्सा

परिजनों ने स्कूल प्रशासन और बस स्टाफ पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है. घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. स्कूल प्रबंधन ने इस घटना पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा आज स्कूल में परिवहन से जुड़ी एक घटना की जानकारी मिली. एक छात्र वाहन में आई अचानक तकनीकी समस्या के कारण बस बदलने के बाद भी पुरानी बस में ही रह गया था. जैसे ही यह मामला हमारे संज्ञान में आया तुरंत कार्रवाई की गई. छात्र को तुरंत ढूंढ लिया गया और सुरक्षित रूप से उसके माता-पिता से मिला दिया गया. हमें यह बताते हुए राहत है कि बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है और उसे कोई नुकसान नहीं हुआ है. हर छात्र की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. स्कूल प्रबंधन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए परिवहन संबंधी निर्धारित प्रोटोकॉल की व्यापक समीक्षा शुरू कर दी है. जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक और कड़े कदम उठाए जा रहे हैं और भविष्य में ऐसी किसी भी घटना की पुनरावृत्ति रोकने हेतु अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए जा रहे हैं.