Chandauli Rajdari Waterfall Incident: नौगढ़ थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध राजदरी जलप्रपात पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. जलप्रपात में नहाने के लिए उतरा एक युवक अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया और करीब 50 मीटर तक पानी के साथ बह गया. युवक को बहता देख वहां मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
ADVERTISEMENT
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज बहाव के बीच युवक एक बड़ी चट्टान से टकराकर वहीं फंस गया. इसके बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए साहस का परिचय दिया और काफी मशक्कत के बाद युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया. ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता के चलते युवक की जान बच गई. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली.
गौरतलब है कि राजदरी जलप्रपात में बारिश के मौसम में पानी का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण प्रशासन ने पहले से ही जलप्रपात में नहाने पर प्रतिबंध लगा रखा है. पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पुलिस की तैनाती भी की गई है, लेकिन इसके बावजूद कई लोग नियमों की अनदेखी कर जलप्रपात में उतर रहे हैं, जिससे लगातार हादसों की आशंका बनी रहती है.
इस घटना के बाद एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक प्रतिबंधों के प्रभावी पालन पर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल पुलिस की मौजूदगी पर्याप्त नहीं है, बल्कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पर्यटकों को लगातार जागरूक किए जाने की आवश्यकता है.
फिलहाल युवक सुरक्षित है और किसी बड़ी अनहोनी से बच गया, लेकिन यह घटना प्रशासन और पर्यटकों दोनों के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा नियमों का पालन करना जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है.
ADVERTISEMENT











