Bareilly murder case: बरेली में दिल दहला देने वाली वारदात, जमीन विवाद में बेटे ने की पिता की हत्या, आत्महत्या का नाटक कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

Bareilly crime news: बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र में पिता की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक के बेटे को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ने जमीन विवाद के चलते पिता की गला दबाकर हत्या करने और घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पेड़ से लटकाने की बात कबूल की है.

Newzo

• 04:53 PM • 17 Apr 2026

follow google news

Bareilly crime news: बरेली थाना मीरगंज क्षेत्र के ग्राम खमरिया आजमपुर में हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए मृतक के बेटे को गिरफ्तार कर सनसनीखेज खुलासा किया है. आरोपी ने जमीन विवाद के चलते अपने ही पिता की हत्या करने की बात कबूल की है.

यह भी पढ़ें...

पुलिस के अनुसार, यह घटना 22 अक्टूबर 2025 की है, जब एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला था. मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी. लगातार साक्ष्य जुटाने और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 17 अप्रैल 2026 को आरोपी कुलदीप (34 वर्ष) को मीरगंज के डाकखाना चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया.

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसका अपने पिता बाबू सिंह से अक्सर जमीन को लेकर विवाद होता रहता था. पिता द्वारा बिना सहमति जमीन बेचने और बाकी संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद ने उसे नाराज कर रखा था. दीपावली से पहले खेत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने पिता के हाथ बांधकर गला दबाकर हत्या कर दी.

घटना को आत्महत्या दर्शाने के लिए आरोपी ने शव को कपड़े के सहारे पेड़ से लटका दिया, लेकिन मृतक के हाथ बंधे रह जाने से मामला संदिग्ध हो गया. इसी आधार पर पुलिस ने गहराई से जांच की और सच्चाई सामने लाई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया है. इस खुलासे में थाना मीरगंज पुलिस टीम की अहम भूमिका रही.