Bareilly News: बरेली थाना अलीगंज क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और धर्म परिवर्तन की मंशा का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और किशोरी की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए हैं.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव निवासी पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे घर से निकली थी.लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी. परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारी में काफी खोजबीन की लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला.
खोजबीन के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि ईदगाह अलीगंज निवासी राशिद पुत्र बाबू मंसूरी उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है. पिता ने आरोप लगाया कि आरोपी की नीयत गलत है और वह उनकी पुत्री का धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश कर सकता है. साथ ही किशोरी के साथ छेड़छाड़ किए जाने की आशंका भी जताई गई है.
बताया जा रहा है कि कुछ स्थानीय लोगों ने आरोपी और किशोरी को सूदनपुर गैनी मार्ग पर साथ देखा था जिसके बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है. वहीं, परिजनों ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई कर किशोरी को सकुशल बरामद करने की मांग की है.
ADVERTISEMENT









