Bareilly News: बरेली जनपद के सिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केसरपुर में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. एक महिला ने अपने ससुर पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है. घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है.
ADVERTISEMENT
पीड़िता फरमीदा पत्नी तौकीर रजा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके मायके में भतीजे की शादी होने वाली है जिसके चलते उन्हें पैसों की जरूरत थी. पीड़िता के अनुसार सुबह करीब 9 बजे उन्होंने अपने ससुर शब्बीर पुत्र छिद्दू खां से बकरे के पैसे मांगे जो पहले से उनके पास थे. आरोप है कि पैसे मांगने पर ससुर अचानक गुस्से में आ गए और गाली-गलौज करने लगे.
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर ससुर ने लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी जिससे उन्हें शरीर पर चोटें आईं.शोर-शराबा सुनकर घर के अन्य लोग मौके पर पहुंचे जिसके बाद पीड़िता के देवर ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान ससुर ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी.
घटना के चार दिन बाद पीड़िता ने सिरौली थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी. पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी शब्बीर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









