बाराबंकी में जनकल्याण शिविर का आयोजन, एमएलसी अंगद सिंह ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

Barabanki News: बाराबंकी के रामनगर ब्लॉक में आयोजित जनकल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेले में एमएलसी अंगद सिंह ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. किसानों को नि:शुल्क बीज वितरित किए गए और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए. शिविर में स्वास्थ्य जांच और योजनाओं की जानकारी भी दी गई.

Barabanki News

Barabanki News

Newzo

• 05:36 PM • 15 Jun 2026

follow google news

Barabanki News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को रामनगर ब्लॉक सभागार में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया. शिविर सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अंगद सिंह शामिल हुए. उन्होंने उपस्थित लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया.

यह भी पढ़ें...

एमएलसी अंगद सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे लोगों के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है. उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से संवाद करते हुए योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.

जनकल्याण शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टाल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई. स्वास्थ्य मेले में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक परामर्श दिया गया. कृषि विभाग की ओर से किसानों को निशुल्क बीज वितरित किए गए. इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए.

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी, उप जिलाधिकारी आनंद कुमार तिवारी, खंड विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार, इंजीनियर अरुण कुमार व्यास, जिला उपाध्यक्ष मनीष परिहार, एमएलसी प्रतिनिधि कुलदीप सिंह, महादेवा मंडल अध्यक्ष अमित सिंह, रामनगर मंडल अध्यक्ष विनय मिश्रा, प्रधान संघ अध्यक्ष रामकुमार मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.

इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी अभय शुक्ला, सहायक विकास अधिकारी कृषि डॉ. दलबीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग किया. ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर सरकार की योजनाओं की जानकारी ली और विभागीय स्टालों का लाभ उठाया.