दोस्ती के नाम पर साइबर ठगी, पुलिस की तत्परता से 33 हजार रुपये अकाउंट में कराए वापस

Cyber Fraud Case In Barabanki: जनपद में साइबर अपराध का एक मामला सामने आया है, जिसमें साइबर ठगों ने दोस्त बनकर एक युवक से धोखाधड़ी करते हुए उसके खाते से हजारों रुपये ट्रांसफर करा लिए.

Cyber Fraud Case In Barabanki News

Newzo

• 06:07 PM • 13 May 2026

follow google news

Cyber Fraud Case In Barabanki: जनपद में साइबर अपराध का एक मामला सामने आया है, जिसमें साइबर ठगों ने दोस्त बनकर एक युवक से धोखाधड़ी करते हुए उसके खाते से हजारों रुपये ट्रांसफर करा लिए. पीड़ित की शिकायत पर साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी राहत दिलाई और ठगी गई रकम में से 33 हजार रुपये वापस कराए.

यह भी पढ़ें...

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना जैदपुर क्षेत्र के मोहल्ला बुनकर कॉलोनी निवासी सलमान पुत्र अली अकबर ने पुलिस को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बताया कि कुछ साइबर अपराधियों ने दोस्ती का झांसा देकर उसके साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी की. आरोपियों ने विश्वास में लेकर विभिन्न माध्यमों से उसके बैंक खाते से करीब 50 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए. जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो उसने तत्काल साइबर सेल से संपर्क कर न्याय की गुहार लगाई.

क्राइम सेल ने तत्काल कार्रवाई शुरू की

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी संगम कुमार के कुशल पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम सेल ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. साइबर टीम ने संबंधित बैंक और मर्चेंट संस्थानों से समन्वय स्थापित कर तकनीकी जांच की और त्वरित प्रयासों के परिणामस्वरूप पीड़ित के 33 हजार रुपये उसके खाते में वापस करा दिए.

अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहें : पुलिस


पीड़ित एवं उसके परिजनों ने पुलिस की तत्परता और सक्रियता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया. पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया या ऑनलाइन माध्यमों पर अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहें व किसी भी व्यक्ति के कहने पर बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या खाते से संबंधित विवरण साझा न करें. किसी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं.