Barabanki overbridge News: जनपद बाराबंकी की तहसील रामनगर क्षेत्र स्थित चौकाघाट रेलवे स्टेशन के पास गणेशपुर सड़क मार्ग पर बनने वाले ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. करीब 76 करोड़ रुपये की लागत से उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा कराए जा रहे इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में पिलर निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है. अब ओवरब्रिज के ऊपरी हिस्से में बीम तैयार करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
निर्माण स्थल पर कर्मचारियों की टीम दिन-रात कार्य में जुटी हुई है. बीम निर्माण कार्य में लगे कर्मचारी दीपक राय, रामनिवास, राम कैलाश, विजय रावत और रामकुमार यादव सहित करीब एक दर्जन श्रमिक लगातार काम कर रहे हैं. कर्मचारियों ने बताया कि ओवरब्रिज के लिए कुल 51 बीम तैयार किए जाने हैं, जिनमें से दो बीम का निर्माण पूरा हो चुका है.
उन्होंने बताया कि तैयार किए गए दोनों बीम की लंबाई करीब 35 मीटर 250 सेंटीमीटर है. इन विशाल बीमों को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार तैयार किया जा रहा है, ताकि पुल को मजबूती और लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सके. बीम निर्माण का कार्य पूरा होने के बाद इन्हें ओवरब्रिज के ढांचे में स्थापित किया जाएगा.
यह भी पढ़ें...हल्द्वानी में चमके दिलदारनगर के खिलाड़ी
चौकाघाट रेलवे स्टेशन के पास बनने वाला यह ओवरब्रिज क्षेत्र के लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से लोगों को निजात मिलेगी और गणेशपुर सहित आसपास के गांवों के आवागमन में सुविधा होगी. व्यापारिक और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा.
उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम की प्रोजेक्ट मैनेजर पूजा श्रीवास्तव ने निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों के अनुसार करीब एक किलोमीटर लंबे इस ओवरब्रिज का निर्माण कार्य एक वर्ष के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. विभागीय निगरानी में निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है.
ADVERTISEMENT










