Chandrashekhar Azad Barabanki Visit: बाराबंकी जनपद की तहसील फतेहपुर में गुरुवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं चंद्रशेखर आजाद ( रावण ) का आगमन हुआ. दोपहर करीब 1 बजे उनके फतेहपुर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया. कार्यक्रम के दौरान पटेल चौराहे पर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की.
ADVERTISEMENT
सांसद चंद्रशेखर आजाद के आगमन को लेकर क्षेत्र में पहले से ही तैयारियां की गई थीं. कार्यक्रम में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) एवं भीम आर्मी के सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे. कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया और उनके विचारों के प्रति समर्थन व्यक्त किया.
माल्यार्पण के बाद सांसद ने उपस्थित लोगों से संक्षिप्त संवाद किया. इस दौरान उन्होंने सामाजिक न्याय, संविधान और समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और समाज के हित में कार्य करने का आह्वान किया.
कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगतराम कनौजिया स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे. इसके अलावा चार थानों की पुलिस फोर्स भी मौके पर तैनात रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके. पुलिस प्रशासन पूरे समय सतर्क रहा और कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी.
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे. लोगों ने सांसद से मुलाकात कर विभिन्न स्थानीय समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की. फतेहपुर में निर्धारित कार्यक्रम पूरा करने के बाद सांसद चंद्रशेखर आजाद अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए. उनके आगमन से क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला और संगठन को नई ऊर्जा मिलने की बात कही गई.
ADVERTISEMENT










