Barabanki News: बाराबंकी में योग दिवस कार्यक्रम से पहले होर्डिंग तोड़े जाने का आरोप, दोषियों की तलाश में जुटी पुलिस

Barabanki News: विश्व योग दिवस कार्यक्रम से पहले बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता द्वारा लगाई गई प्रचार होर्डिंग क्षतिग्रस्त मिलने से विवाद खड़ा हो गया है. घटना को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है. सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की गई है.

 योग दिवस कार्यक्रम से पहले होर्डिंग तोड़े जाने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

योग दिवस कार्यक्रम से पहले होर्डिंग तोड़े जाने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

Newzo

• 01:07 PM • 21 Jun 2026

follow google news

Barabanki News: रामनगर क्षेत्र के अमोली कला गांव निवासी भाजपा कार्यकर्ता एवं समाजसेवी गौरीकांत दीक्षित ने योग दिवस से जुड़ी प्रचार सामग्री को क्षतिग्रस्त किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने रविवार को रामनगर थाना पहुंचकर थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की.

यह भी पढ़ें...

गौरीकांत दीक्षित ने बताया कि वह लंबे समय से रामनगर विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक कार्यों से जुड़े हुए हैं और विभिन्न सामाजिक एवं पार्टी कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं. उन्होंने कहा कि विश्व योग दिवस को लेकर रामनगर-फतेहपुर मार्ग पर एक दिन पहले कार्यक्रम से संबंधित होर्डिंग लगाई गई थी, जिसे रात के समय कुछ अज्ञात लोगों ने नुकसान पहुंचाया.

उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी उनके द्वारा लगाए गए कई कार्यक्रमों के प्रचार बोर्डों को नुकसान पहुंचाया जा चुका है, लेकिन उन्होंने उन मामलों को ज्यादा तवज्जो नहीं दी. इस बार योग दिवस जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रम से जुड़ी सामग्री को निशाना बनाए जाने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी है.

भाजपा कार्यकर्ता ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में कहा कि होर्डिंग पर देश के प्रधानमंत्री और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के चित्र लगे हुए थे. ऐसे में इसे केवल प्रचार सामग्री को नुकसान पहुंचाने का मामला नहीं माना जा सकता, बल्कि यह एक संवेदनशील विषय है.

उन्होंने पुलिस से मांग की कि क्षेत्र में लगे निजी प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर आरोपियों को चिह्नित किया जाए और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए. उन्होंने बताया कि घटना से जुड़े कुछ वीडियो फुटेज भी उपलब्ध हैं, जिन्हें जांच में पुलिस को सौंपा जाएगा.

वहीं, थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.