Ballia Crime News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है. उभांव थाने में तैनात क्राइम इंस्पेक्टर पर एक महिला ने इंसाफ के बदले शारिरिक संबंध की बनाने की मांग करने का आरोप लगाया है. महिला का दावा है कि दर्ज मुकदमे में चार्जशीट दाखिल करने के नाम पर उससे पैसों की डिमांड की गई. साथ ही शारीरिक संबंध बनाने के लिए अनैतिक दबाव भी बनाया गया. इस कथित बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसने पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है.
ADVERTISEMENT
क्राइम इंस्पेक्टर ने की गंदी डिमांड
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला ने अपनी शादी और यौन शोषण के एक मामले में उभांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया था. महिला का आरोप है कि उसकी शादी वन विभाग में तैनात एक दारोगा से मंदिर में हुई थी. लेकिन उसने 8 महीने तक शोषण करने के बाद उसे अपनाने से इनकार कर दिया. न्याय की आस में जब वह थाने पहुंची तो वहां तैनात क्राइम इंस्पेक्टर ने केस को मजबूत करने और चार्जशीट लगाने के बदले उससे निजी मुलाकात और शारीरिक संबंधों की शर्त रख दी.
इस मामले ने तब तूल पकड़ा जब सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो क्लिप वायरल हुई. दावा किया जा रहा है कि इस ऑडियो में इंस्पेक्टर महिला से चार्जशीट के नाम पर सौदेबाजी और अमर्यादित बातें कर रहा है. हालांकि पुलिस प्रशासन ने अभी तक इस ऑडियो की आधिकारिक सत्यता की पुष्टि नहीं की है.
डीआईजी और एसपी तक पहुंची शिकायत
स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने और पुलिसकर्मियों के रवैये से परेशान होकर पीड़िता ने आजमगढ़ रेंज के डीआईजी और बलिया के SP से मुलाकात की.महिला ने लिखित शिकायत देकर आरोपी इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी की मिलीभगत की जांच करने की मांग की है. अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है. फिलहाल पुलिस के उच्चाधिकारी इस वायरल ऑडियो की फॉरेंसिक जांच और विभागीय जांच में जुटे हैं.
ADVERTISEMENT









